Budaun News: प्रियंका की एसडीएम न्यायिक और जीत सिंह की डीआरओ पद पर तैनाती
बदायूं। राज्यपाल के नाम समन जारी करने के मामले में सदर तहसील के एसडीएम न्यायिक विनीत कुमार के निलंबित होने पर उनके स्थान पर प्रियंका चौधरी को तैनात किया गया है। जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) के पद पर जीत सिंह राय की तैनाती की गई है। यह पद भी विनीत कुमार के पास ही था। जीत सिंह बिल्सी में एक व्यापारी को पीटने के मामले में एसडीएम के पद से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध किए गए थे।
गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण संबंधी एक मामले में एसडीएम न्यायिक की कोर्ट से विगत दिनों राज्यपाल के नाम समन जारी हो गया था। मामला मीडिया की सुर्खियों में आने के बाद एसडीएम न्यायिक विनीत कुमार को जहां शासन स्तर से निलंबित कर दिया गया था। उनके पेशकार बदन सिंह को डीएम मनोज कुमार ने निलंबित कर दिया था। इसके बाद एसडीएम को राजस्व परिषद लखनऊ से अटैच कर दिया गया।
विनीत कुमार के पास डीआरओ का भी चार्ज था। ऐसे में दो पद एक साथ खाली हो गए। शनिवार को डीएम मनोज कुमार ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट जीत सिंह राय को जिला राजस्व अधिकारी के पद पर तैनाती दे दी। एसडीएम न्यायिक के पद पर डिप्टी कलेक्टर प्रियंका चौधरी को तैनात कर दिया है। दोनों ही अधिकारियों ने कार्यभार संभाल लिया है। बता दें कि जीत सिंह राय इससे पहले बिल्सी में एसडीएम पद पर तैनात थे, लेकिन एक व्यापारी को पीटने के मामले में उन्हें वहां से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया था।