संपूर्ण समाधान दिवस : नहीं निपट रहीं समस्याएं, चक्कर काट रहे फरियादी

बिल्सी में समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम,एसएसपी। स्रोत-प्रशासन
बिल्सी। समाधान दिवस में समस्याओं का निराकरण कराना भी अब फरियादियों के लिए आसान नहीं रह गया है। तमाम लोग ऐसे हैं, जिन्हें तहसील में बार-बार आकर शिकायत करनी पड़ रही है। इससे लोगो का समाधान दिवस से विश्वास उठता जा रहा है। शनिवार को भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली, जब कुछ फरियादी अपनी समस्याओं के लिए फिर से प्रार्थना पत्र लेकर डीएम के सामने पेश हुए।
डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, सीडीओ केशव कुमार अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में तहसील में संपूर्ण समाधन दिवस का आयोजन किया गया। यहां कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से मौके पर 11 का ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित कर दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी होने चाहिए। इस मौके पर उन्होंने 14 कृषकों को निशुल्क सरसों के उन्नत बीज की किट वितरित की। सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, एसडीएम बिल्सी प्रवर्धन शर्मा आदि मौजूद रहे।
फरियादी बोले- बार-बार करनी पड़ रही एक ही शिकायत
बिल्सी के मोहल्ला संख्या आठ निवासी हिना ने बताया कि उन्होंने अपना राशन कार्ड बनवाने के लिए कई बार समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन आज तक राशन कार्ड नहीं बन सका है। आज वह फिर फरियाद करने आई हैं।
गांव सतेती निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में उनकी आवासीय भूमि पर गांव के ही कुछ दबंग अपना दरवाजा निकालना चाह रहे हैं। इसे लेकर वह कई बार शिकायत कर चुके हैं। मगर किसी भी अधिकारी ने अब तक कोई गौर नहीं किया है।
गांव करनपुर निवासी राम रहीस ने बताया कि वह अपनी भूमि पर निर्माण करना चाहते है, इसका परिवार के ही कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। उनके खेतों की मेड़ को भी बार-बार तोड़ देते हैं। कई बार तहसील एवं थाने में शिकायत की, नतीजा कुछ नहीं निकला।
गांव कनगवां निवासी राम अवतार सिंह ने बताया कि गांव के कुछ लोग उसके खेत पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे है, इसके समाधान के लिए वह तहसील दिवस में कई बार शिकायत कर चुके हैं। मगर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया है।

बिल्सी में समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम,एसएसपी। स्रोत-प्रशासन

बिल्सी में समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम,एसएसपी। स्रोत-प्रशासन

बिल्सी में समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम,एसएसपी। स्रोत-प्रशासन

बिल्सी में समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम,एसएसपी। स्रोत-प्रशासन