बदायूं

Budaun News: घुमंतुओं ने पकड़कर बेच दिए 30 छुट्टा पशु, पुलिस पर किया पथराव

Connect News 24

Nomads caught and sold 30 loose animals, pelted stones at the police

उघैती थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे मौजूद छुट्टा पशु और घुमंतू लोगों का परिवार।

उघैती। थाना क्षेत्र में गदगांव के नजदीक निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे किनारे डेरा डाले राजस्थान के घुमंतुओं ने 30 छुट्टा पशुओं को पकड़कर बेच दिया। तस्कर जब पशुओं को ट्रक में लाद रहे थे तभी पुलिस और पशु मित्र मौके पर पहुंच गए। घुमंतुओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने दौड़ाकर दो घुमंतुओं को दबोच लिया, जबकि तस्कर ट्रक में 30 पशुओं को लेकर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बदायूं के कल्याननगर निवासी पशु मित्र विकेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उघैती थाना क्षेत्र में गदगांव के नजदीक राजस्थान के कुछ घुमंतू डेरा जमाए हैं। उनके पास 53 छुट्टा पशु है। इन्हें उन्होंने आसपास के इलाके से पकड़ा है। शनिवार रात खबर मिली कि इनमें से 30 छुट्टा पशुओं को तस्करों के हाथ बेच दिया गया है। तस्कर उन्हें ले जाने के लिए ट्रक में लाद रहे हैं। छुट्टा पशुओं में दो-तीन गायें थीं, बाकी सभी सांड़ थे। पशु मित्रों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो घुमंतुओं ने पथराव शुरू कर दिया।

पुलिस और पशु मित्र पीछे हटे तभी तस्कर ट्रक में लदे 30 पशुओं को लेकर भाग गए। पुलिस ने दौड़ाकर दो घुमंतुओं को पकड़ लिया। उन्हाेंने पूछताछ में अपने नाम राजस्थान निवासी रवि और श्रवण बताया है। ये लोग क्षेत्र से छुट्टा पशुओं को पकड़कर बांध लेते हैं और फिर उन्हें तस्करों को बेच देते हैं। इनके साथ कई और लोग भी हैं, जो जिले में जगह-जगह डेरा जमाए हैं और छुट्टा पशुओं की तस्करी करा रहे हैं। एसओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दो लोग पकड़े गए हैं। मौके से 23 गोवंशीय पशु मिले हैं। उन्हें गोशाला भिजवा दिया गया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button