Budaun News: अब दिल्ली के लिए भी शुरू हुई राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा
– सुबह सात और आठ बजे रवाना होंगी बसें, दस फीसदी अधिक होगा किराया
– दिल्ली से वापसी में क्रमश: 12.30 बजे और 1.30 बजे मिलेंगी ये दोनों बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। अब जिले से प्रदेश ही नहीं देश की राजधानी दिल्ली के लिए भी परिवहन निगम ने अपनी राजधानी एक्सप्रेस सेवा शुरू कर दी है। इसके लिए निगम को दो बसें मिल गई हैं। ये बसें क्रमश: सुबह सात और सुबह आठ बजे दिल्ली रवाना की जाएंगी। इनका किराया सामान्य बसों की तुलना में दस फीसदी अधिक होगा।
कुछ दिन पहले लखनऊ के लिए एक रोडवेज बस सेवा शुरू की गई थी। उसे भी राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा नाम दिया गया था। शनिवार को प्रदेश सरकार की ओर से दो और रोडवेज बसें मिली हैं। इन्हें भी राजधानी एक्सप्रेस के तौर पर दिल्ली-बदायूं रूट पर चलाया जाएगा। इनमें एक बस सुबह सात बजे तो दूसरी आठ बजे बदायूं से रवाना की जाएगी।
ये बसें बदायूं से चलकर पहले सहसवान, गुन्नौर और लालकुआं सवारी उतारकर-चढ़ाकर सीधे आनंद विहार बस स्टेशन पर रुकेंगीं। दिल्ली से वापसी भी इन्हीं स्टेशनों पर रुकते हुए होगी। दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस सेवा की पहली बस अपराह्न 12.30 बजे और दूसरी अपराह्न 1.30 बजे मिलेगी। दोनों ही ओर से इस बस सेवा का किराया सामान्य बसों की अपेक्षा दस फीसदी अधिक रहेगी। इन दो बसों के मिलने से परिवहन निगम के पास बसों की संख्या 104 हो गई है।
प्रदेश सरकार की योजना के तहत परिवहन निगम को दो रोडवेज बसें मिली हैं। उनकी समय सीमा और किराया सब सरकार के निर्देशों पर तय हुआ है। यह बसें सुबह सात और आठ बजे बदायूं से रवाना होंगीं। इनके स्टॉपेज ज्यादा नहीं हैं। बदायूं और दिल्ली के बीच में केवल तीन स्टॉपेज हैं। – धणेंद्र कुमार चौबे, एआरएम



