Pilibhit News: किशोरी से दुष्कर्म, बाग में बेहोश मिली
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, एएसपी मौके पर पहुंचे
सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में तीन जून की रात को हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर (पीलीभीत)। सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में शनिवार रात किशोरी को बाग में ले जाकर उससे एक युवक ने दुष्कर्म किया। परिजनों को किशोरी खून से लथपथ बेहोश मिली। पुलिस ने किशोरी की मां की ओर से आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
किशोरी की मां ने बताया कि तीन जून की रात 11 बजे वह घर में 15 वर्षीय पुत्री के साथ सो रही थी। अचानक देवर के पुत्र की मौत की सूचना पर वह पुत्री को घर पर छोड़कर वहां चली गई। सुबह चार बजे लौटने पर पुत्री घर में नहीं थी। ढूंढा तो पुत्री गांव के समीप स्थित बाग में बेहोश और खून से लथपथ मिली।
बेहोशी की हालत में उसे घर लाया गया। घटनास्थल के पास अमित उर्फ राजू (34) मौजूद था। आरोप है कि उसी ने उसकी पुत्री से दुष्कर्म किया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी कक्षा सात की छात्रा है।
किशोरी से दुष्कर्म की घटना पर एएसपी अनिल यादव और सीओ सुनील दत्त ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता के परिजनों से घटना की जानकारी ली। सीओ सुनील दत्त ने बताया कि सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने किशोरी की मां की ओर से आरोपी अमित उर्फ राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। किशोरी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी से पूछताछ चल रही है।