Budaun News: जिला अस्पताल में अब नहीं करना पड़ेगा आपरेशन के लिए इंतजार

जिला अस्पताल। संवाद
दो सर्जन और मिले, अब नहीं किया जाएगा मरीजों को रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिला अस्पताल को दो और सर्जन मिलने से अब उन मरीजों के लिए आसानी होगी जिनको या तो आपरेशन के लिए इंतजार करना पड़ता था या फिर अन्य जनपदों के लिए दौड़ लगानी पड़ती थी। अब तक यहां सिर्फ एक सर्जन होने से जहां महीने में 8 से 10 आपरेशन हो पाते थे अब उम्मीद की जा रही है कि इनकी संख्या बढ़ेगी।
प्रदेश में बदायूं जिले की स्वास्थ्य सेवाएं काफी खराब मानी जाती हैं। इस वजह से कई बार मामूली घायल को भी जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन का तर्क होता था कि उसके पास सर्जन नहीं हैं। इस बात को लेकर शासन स्तर से भी कई बार नाराजगी जाहिर की गई।
ऐसे में अब एक अच्छी खबर सामने आई है। जिला अस्पताल में दो और सर्जन की तैनाती की गई हैं। बृहस्पतिवार को दोनों नए सर्जनों डॉ. अमित कुमार गुप्ता और डॉ. रिषम अग्रवाल ने तैनाती ले ली। अब वे डॉ. पीके अग्रवाल के साथ उनके कार्य में सहयोग करेंगे।
अब तक एक माह में हो पाते थे 8-10 आपरेशन
जिला अस्पताल में केवल एक ही सर्जन होने से बीते कुछ वर्षाें में ऑपरेशन की संख्या में काफी गिरावट आई। अस्पताल सूत्रों के अनुसार एक माह में 8-10 ऑपरेशन ही हो पाते थे।
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को होगी आसानी
जिला अस्पताल में सर्जरी न होने से सबसे अधिक दिक्कत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को हो रही थी। ऐसे में अब तीन सर्जन होने से उम्मीद की जा रही है कि यहां आने वाले लोगों को आसानी होगी और उन्हें भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
–
जिला अस्पताल में अब तीन सर्जन हो गए हैं। ऐसे में पहले की अपेक्षा सुविधाएं बेहतर होंगी। मरीजों को भी समय से इलाज मिल सकेगा।
– डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस