बदायूं

Budaun News: संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, पुलिस ने चिता से उठाया शव

Connect News 24

जमीन को लेकर पिता-पुत्र में चल रहा है विवाद, गांव में मारपीट की चर्चा

संवाद न्यूज एजेंसी

बिसौली (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव फीरोजपुर में बृहस्पतिवार को 60 वर्षीय चंद्रपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार वाले उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए लेकिन उसी समय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी कि बुजुर्ग के साथ उनके बेटों ने ही मारपीट की है। इससे मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके शव को चिता से उठा लिया और शुक्रवार को उनका पोस्टमार्टम कराया।

ग्राम फीरोजपुर निवासी चंद्रपाल की कुछ जमीन गंगा एक्सप्रेस-वे में आ गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि चंद्रपाल के पांच बेटे हैं, जिनमें सबसे छोटा बेटा टिन्ना बिसौली में रहता है जबकि शेर सिंह, ब्रजपाल, अरविंद और निशांत उनके साथ ही रहते हैं। उनके परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह चंद्रपाल की पत्नी मायके मानवई गांव चली गईं और दोपहर के समय अपने मायके वालों को ले आईं।

बताया जा रहा है कि गांव के एक व्यक्ति के घर के सामने उनमें खूब विवाद हुआ। उस व्यक्ति ने एतराज किया तो वे अपने घर चले गए। इसके कुछ देर बाद सूचना मिली कि चंद्रपाल की मौत हो गई है। परिवार वाले पुलिस को सूचना दिए बिना उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। वह अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे कि तभी ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवा दिया और चंद्रपाल का शव चिता से ही उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पुलिस ने चंद्रपाल के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि सूचना पर चंद्रपाल के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई होगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button