Budaun News: गाेशाला निर्माण में जिला प्रदेश में तीसरे पायदान पर
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 26 Aug 2023 02:03 AM IST
बदायूं। छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने के लिए गोशालओं के निर्माण में जिला प्रदेश में तीसरे पायदान पर है। जिले में इस समय 237 गोशालाएं संचालित हैं और कई का निर्माण चल रहा है। हालांकि इसके बावजूद अभी भी सड़कों पर तमाम छुट्टा पशु घूमते मिल जाएंगे।
शहर-कस्बों की सड़क-गलियों में विचरण करने वाले छुट्टा पशु खेतों में खड़ी किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में गोशालाओं के निर्माण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जिले में गोशालाओं का निर्माण कराया गया।
सीडीओ केशव कुमार ने बताया कि जिले में 237 गाेशालाओं में पांच स्थायी हैं। इनमें दो कान्हा गोशाला, तीन काजी हाउस है। बाकी 232 अस्थायी गोशालाएं है। इन सभी गोशालाओं में 21,000 गोवंश रह रहे हैं। वहीं, 7300 गोवंशों को निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के तहत लोगाें को पालने के लिए दिया गया। पशुपालन विभाग के अनुसार गोशाला निर्माण में पहले और दूसरे नंबर बुंदेलखंड के जिले शामिल हैं। वहां पर 300 से अधिक गोशालाएं बनी हुई हैं। जबकि तीसरा स्थान बदायूं जिले का है।