बरेली

Bareilly News: मीरगंज में मलेरिया बेकाबू, 24 घंटे में मिले 42 मरीज

Connect News 24

बरेली। मलेरिया के मरीजों की तादाद थमने के बजाय बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को मीरगंज के मलेरिया प्रभावित गांवों में एक्टिव केस सर्विलांस के तहत शिविर लगाकर जांच हुई तो बुखार की चपेट में रहे 42 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। उनका इलाज किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शुक्रवार को मीरगंज में एक्टिव केस सर्विलांस के तहत बुखार के मरीजों की जांच की गई। टीमों ने आशा कार्यकर्ता और प्रधान के सहयोग से घर-घर पहुंचकर बुखार के मरीजों को जांच के लिए शिविर में भेजा। यहां जांच में मलेरिया की चपेट में मिले लोगों और उनके परिजनों को बचाव का सुझाव दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को जिले में मलेरिया के 53 मरीज मिले। इसमें मीरगंज के 42 मरीज शामिल रहे। शेरगढ़ में आठ, भमोरा में दो और एक मरीज फतेहगंज में मिला है।

तीन मेडिकल मोबाइल यूनिटों ने भी शिविर लगाकर बुखार के मरीजों की जांच की। टीमों ने मीरगंज के अजमतगंज में 24, सैंजना गौटिया में 36, शेरगढ़ के गणेशपुरम में 26 बुखार के संदिग्ध मरीजों की जांच की। सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। हालांकि, संदिग्ध मरीजों को बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर निशुल्क जांच कराने का सुझाव दिया।

सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह के मुताबिक मलेरिया के बढ़ते केस की रोकथाम के लिए संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है। एक्टिव केस सर्विलांस मुहिम 31 अगस्त तक चलेगी। अतिसंवेदनशील, संवेदनशील और सामान्य स्थिति के गांवों में भी शिविर लगाकर मरीजों की जांच की जाएगी, ताकि मरीजों का पता चल सके और प्रभावी इलाज से उन्हें स्वस्थ किया जा सके। इससे मलेरिया जल्द नियंत्रित होने की उम्मीद है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button