Budaun News: परिवार में पांच से अधिक सदस्य तो बनवा सकेंगे आयुष्मान कार्ड
बदायूं। अब वो लोग भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकेंगे, जिनके परिवार में पांच से अधिक सदस्य हैं। शासन ने आयुष्मान योजना में इसका प्रावधान किया है। जिले में ऐसे 94,149 परिवार हैं, जिनमें सदस्यों की संख्या पांच से अधिक है।
आयुष्मान आपके द्वार 3.0 अभियान के तहत शासन ने निर्देश दिए है कि अंत्योदय कार्ड धारक आयुष्मान योजना के पात्र लाभार्थी हैं ही, इसके अलावा जिन परिवारों के राशनकार्ड में पांच से अधिक लोग हैं ताे वो भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अब किसी कार्यालय या जनसेवा केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं है। घर बैठे ही स्मार्टफोन के माध्यम से कार्ड बना सकते हैं।
शासन से एक वेबसाइट जारी की है, जिसके माध्यम से कार्ड बनेंगे। वेबसाइट पर मोबाइल नंबर डालकर सत्यापन पर क्लिक करें। मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद उसे ऑप्शन में फीड करें। नीचे दिए गए कैप्चर को भरें और लॉग इन करें। अगला पेज आने पर अपना राज्य और जिला फीड करें और नीचे फैमिली आईडी पर अपनी राशन संख्या डाल दें।
इसके बाद अपने आधार कार्ड में लिंक नंबर को डाले राशनकार्ड में शामिल नाम के सामने आयुष्मान कार्ड जैसा लोगों दिखाई देगा, जिस पर क्लिक करने पर आपके पास ओटीपी आएगा। जिसे फीड करने पर कार्ड बनाया जा सकता है।
एसीएमओ डॉ. अखिलेश सिंह ने बताया कि शासन से जो डाटा आया है, उसमें 94,149 ऐसे परिवार हैं, जिनमें पांच से ज्यादा सदस्यता हैं। उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं।



