बदायूं

Budaun News: अढौली फाटक पर बने ओवरब्रिज या अंडरपास

Connect News 24

रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन मास्टर को देकर लोगों ने बताई समस्या

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी (बदायूं)। रेलवे स्टेशन के नजदीक अढौली फाटक पर आवागमन में दिक्कतें बयां करते हुए शिक्षकों समेत इलाके के प्रमुख लोग बृहस्पतिवार की दोपहर स्टेशन मास्टर से मिले। रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन देकर उनसे फाटक पर अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग की।

शिक्षक कर्मवीर सिंह और परमवीर सिंह के नेतृत्व में स्टेशन मास्टर विपिन कुमार से मिले लोगों ने बताया कि उझानी स्टेशन पर मालगाड़ियों में लोडिंग और अनलोडिंग होने से अढौली फाटक पर हर वक्त ही जाम लगा रहता है। ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की वजह से राहगीरों को भी दिक्कत होती है।

फाटक से कादरचौक क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों के साथ स्कूली बच्चों की भी आवाजाही रहती है। फाटक बंद होने की वजह से बच्चे जहां समय रहते स्कूल नहीं पहुंच पाते, वहीं एंबुलेंस निकलने के लिए कोई दूसरा रास्ता न होने के कारण कभी कभार मरीज की जान पर भी बन आती है।

उन्होंने रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन में फाटक पर ओवरब्रिज या फिर अंडरपास का निर्माण कराने की मांग की है। शिष्टमंडल में रणवीर सिंह, विवेक यादव, ललित कुमार वार्ष्णेय, मनोज राणा, संजीव कुमार शर्मा, विनीत सोलंकी, अजब सिंह, सुरेंद्र पाल, ओम शर्मा, दीपक यादव, प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे।

अढौली फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए इलाके के लोगों ने स्टेशन पर आकर ज्ञापन दिया है। लोगों की भावनाओं और दिक्कतें से विभागीय अफसरों को भी अवगत कराया जाएगा। विभागीय प्रक्रिया के तहत ज्ञापन रेलमंत्री को भेज दिया जाएगा।

– विपिन कुमार, स्टेशन अधीक्षक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button