Budaun News: लगातार बढ़ रहे मरीज, 650 की ओपीडी में आधे बुखार के

जिला अस्पताल के डेंगू वाड में लाइट नहीं आने पर हाथ से पंखा करते तीमारदार। संवाद
रोजाना सैकड़ों की संख्या में अस्पताल पहुंच रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बारिश के बाद मलेरिया और डेंगू के मरीज सामने आने लगे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इस कारण सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। बुधवार को जिला अस्पताल में ओपीडी में 650 मरीजों को देखा गया, इनमें 300 बुखार से पीड़ित थे।
मौसम में हुए बदलाव के बाद वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ने के साथ जिले में डेंगू, मलेरिया व टायफाइड के मरीज भी बढ़ते जा रहे हैं जो सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 650 नए मरीजों ने पंजीकरण कराकर अपना प्राथमिक उपचार कराया। इसमें अकेले बुखार के 300 मरीज रहे। इनमें गंभीर मरीजों के ब्लड की जांच कराने के लिए कहा।
फिजिशियन डॉ. अलंकार ने बताया कि ओपीडी में बुखार के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। कुछ मरीजों में डेंगू, मलेरिया के लक्षण होने पर संबंधित की जांच को लिखा जाता है। जहां सामान्य दिनों में लगभग पांच सौ नए मरीजों की ओपीडी होती है, वहीं इन दिनों यह आंकड़ा बढ़कर सात सौ तक पहुंच रहा है।
चार डेंगू और 12 पीवी मलेरिया के मिले पॉजिटिव
बदायूं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रोजाना गांव में जाकर कैंप लगाए जा रहे हैं, साथ ही मौके पर बीमार लोगाें को दवाइयाें का वितरण किया जा रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ब्लॉक बिनावर, दातागंज, जगत, म्याऊं, सहसवान और समरेर पहुंची। उनके गांव में कैंप लगाया गया। यहां पर 1047 लोगाें ने डॉक्टर को दिखाया। इसमें 496 लोग बुखार से पीड़ित पाए गए। लक्षणाें के आधार पर 567 लोगों की मलेरिया जांच तथा 77 लोगों की आरडीटी किट से डेंगू की जांच कराई गई। इनमें जगत ब्लॉक के मुहम्मद नगर सुलरा में चार लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए। दातागंज के नगला गुजर में पीवी के तीन तथा सहसवान के बक्सर में दो रोगी मिले। इसके अलावा पीवी मलेरिया के सात मरीज जिले के विभिन्न हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों पाए गए। इधर, बुधवार को मलेरिया विभाग की तरफ से ब्लॉक जगत के गांव मोहम्मद नगर सुलरा में लार्वीसाइड स्प्रे, गांव ईकरी में डीबीसी के माध्यम से कंटेनर सर्वे, गांव सुभानपुर में एंटीलार्वा स्प्रे व फॉगिंग तथा उघैती में फाॅगिंग कराई गई। ब्लॉक जगत के सभी प्रधानों व पंचायत सहायकों को डेंगू, मलेरिया रोग नियंत्रण बचाव के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया।
घंटों ठप रही अस्पताल की बिजली
बदायूं। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के अनुसार सुबह आठ बजे करीब बिजली चली गई, जो करीब शाम तीन बजे तक नहीं आई। इस भीषण गर्मी में मरीज परेशान हो उठे, ऐसे में तीमारदारों को हाथ के पंखे से मरीजों को हवा करनी पड़ी। वहीं जिनके तीमारदार पास नहीं थे। मजबूरन मरीजों को खुद हवा करनी पड़ी।
–
स्वास्थ्य विभाग ने कहा- सकरीजंगल गांव में कोई मौत बुखार से नहीं
उझानी (बदायूं)। सकरीजंगल गांव में आठ-नौ दिनों के दौरान बुखार से एक भी मौत नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रत्येक मृतक के घर जाकर तहकीकत के बाद ऐसा दावा किया है। इस पर एमओआईसी ने फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगाई तो सीएमओ ने उसे तस्दीक कर दिया।
इस रिपोर्ट को लेकर एमओआईसी राजकुमार गंगवार कहते हैं कि गांव में बुखार के मरीज निकले हैं। उपचार के बाद ठीक भी हो रहे हैं, लेकिन किसी की भी बुखार होने से मौत सामने नहीं आई है। इसके विपरीत मृतकों में अधिकतर के परिजन पहले ही साफ कर चुके हैं कि बुजुर्ग हसीना और छात्र वीरेश समेत सभी की मौत बुखार से ही हुई है। प्रधान पति रिजवान ने बताया कि बुखार से इन दिनों भी सैकड़ों की संख्या में मरीज हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी गांव आकर मरीजों को दवाएं बांटती हैं। संवाद
–
छठे दिन निकले बुखार 58 मरीज
सकरीजंगल गांव में बुखार के मरीजों की संख्या में गिरावट तो आई है लेकिन बुधवार को लगे कैंप में 58 मरीज सामने आए। किसी को तेज बुखार तो कोई जुकाम से परेशान था। चिकित्साधीक्षक राजकुमार गंगवार ने बताया कि इनमें 25 मरीजों का ब्लड सैंपल लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।

जिला अस्पताल के डेंगू वाड में लाइट नहीं आने पर हाथ से पंखा करते तीमारदार। संवाद