Budaun News: जगह-जगह ट्रांसफॉर्मर खराब, सुनवाई न होने से लोग बेहाल

ग्राम बमनोसी में फुंका पड़ा ट्रांसफॉर्मर। संवाद
कादरचौक (बदायूं)। जिले में बढ़ती बिजली समस्या के चलते जहां एक घंटा बिना बिजली के बिताना मुश्किल है तो वहीं कादरचौक के कटिन्ना बरचऊ गांव में एक सप्ताह से तीन ट्रांसफॉर्मर फुंके पड़े हैं। हालात यह है कि किसानों की फसलें सूखी पड़ी हैं। ग्राम प्रधान से लेकर कई लोग शिकायत कर चुके हैं, लेकिन गांव के ट्रांसफॉर्मर नहीं बदले गए।
ग्राम कटिन्ना बरचऊ के प्रधान महेंद्र पाल गुप्ता के मुताबिक, उनके गांव में एक सप्ताह पहले एक नहीं तीन ट्रांसफॉर्मर फुंक गए थे। उसी दौरान ग्रामीणों ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को सूचना दे दी थी। उन्हें विभागीय कर्मचारियों द्वारा भी सूचना मिल गई थी, लेकिन ट्रांसफॉर्मर बदले जाने को आज-कल करते-करते पूरा एक हफ्ता गुजर गया, लेकिन गांव में ट्रांसफॉर्मर नहीं बदलवाए गए। रोजाना गर्मी भी जुल्म ढाह रही है। अधिकतर किसानों की फसलें सूख चुकी हैं। पेयजल संकट बना हुआ है। लोगों के टीवी, फ्रिज, कूलर चलना तो दूर मोबाइल तक चार्ज नहीं हो रहे हैं। जैसे-तैसे गांव के लोग दूसरे गांव में जाकर अपने मोबाइल चार्ज कर रहे हैं। जहां जनरेटर हैं, वहां जनरेटर से काम चलाया जा रहा है। ग्रामीणों की हालत बहुत खराब है। इससे संबंधित असरासी के जेई नमोनारायण को कई बार कॉल की गई, लेकिन उन्होंने कॉल ही रिसीव नहीं की।
बमनोसी में एक ट्रांसफॉर्मर चार माह और एक दो माह से है फुंका पड़ा
क्षेत्र के गांव बमनोसी का और ज्यादा बुरा हाल है। यहां एक ट्रांसफॉर्मर करीब चार माह से फुंका पड़ा है, जबकि एक ट्रांसफॉर्मर दो माह से फुंका पड़ा है। यहां के ग्राम प्रधान विद्दम सिंह यादव और गांव के तमाम लोग शिकायत कर चुके हैं। बावजूद इसके फुंके ट्रांसफॉर्मर नहीं हटवाए गए हैं। इसी तरह असरासी फीडर का भी बुरा हाल है। इस फीडर पर एक दिन टूफेस और एक दिन थ्रीफेस आपूर्ति दी जा रही है। इस संबंध में भूड़ा भदरौल के जेई प्रमोद राना का कहना है कि बमनोसी में जो ट्रांसफॉर्मर फुंके पड़े हैं। उनके स्थान पर एक 163 का ट्रांसफॉर्मर रखवा दिया गया है। जो फुंंके हुए ट्रांसफॉर्मर हैं। उन्हें जल्द हटवा दिया जाएगा।
सैदपुर में रखवाया ट्रांसफॉर्मर, नौ घंटे मिल रही आपूर्ति
सैदपुर। सैदपुर कस्बे में बुधवार को एक ट्रांसफॉर्मर फुंक गया था। इसकी शिकायत पर वहां दूसरा ट्रांसफॉर्मर रखवा दिया गया, लेकिन बिजली समस्या बरकरार है। कस्बे में अभी भी 15 घंटे से ज्यादा बिजली नहीं मिल रही है। संवाद
शहर के आवास विकास की नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था
बदायूं। पिछले कई दिन से शहर की आवास विकास कॉलोनी में बिजली समस्या बनी हुई है। दो दिन पहले यहां दो ट्रांसफॉर्मर फुंक गए थे। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने यहां दूसरे ट्रांसफॉर्मर तो रखवा दिए लेकिन कॉलोनी के लोगों की समस्या का समाधान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली व्यवस्था इतनी खराब है कि एक दिन टूफेस आ रही है और दूसरे दिन थ्रीफेस आ रही है। इसके अलावा कॉलोनी के एक तरफ बिजली आ रही है और दूसरी तरफ लोगों के घरों में अंधेरा पड़ा है। इससे लोग काफी परेशान हैं। संवाद
बिजली न आने से सामुदायिक स्वास्थ्य
केंद्र की एक्स-रे मशीन भी प्रभावित
बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बिजली का संकट बना हुआ है। बृहस्पतिवार को यहां कई मरीज घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन उनके एक्स-रे नहीं हो पाए। पहाड़पुर निवासी श्यामा देवी और उनके पति वेदराम सीने का एक्स-रे कराने आए थे। करीब तीन घंटे यहां बैठे थे। वैन गांव के रिंकू, मूसापुर के जयपाल,मिर्जापुर सोहरा के मुकीम और बिल्सी के मिंटू कई घंटे इंतजार करते रहे लेकिन बिजली न आने से उनके एक्स-रे नहीं हो पाए। बताया जा रहा है कि यह समस्या कई दिन से बनी हुई है। बावजूद इसके इसका समाधान नहीं हुआ है। संवाद
मुझे इन गांव की जानकारी नहीं है। मैं संबंधित जेई से इस बारे में पूछता हूं। अगर उनके यहां ट्रांसफॉर्मर फुंके पड़े हैं तो उन्होंने मुझे क्यों नहीं बताया। मैं इसके बारे में पता करता हूं। वहां ट्रांसफॉर्मर बदले जाएंगे। – दीपक कुमार, अधीक्षण अभियंता पावर कॉरपोरेशन

ग्राम बमनोसी में फुंका पड़ा ट्रांसफॉर्मर। संवाद