Budaun News: छह दिन से लापता व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत
मानसिक रूप से चल रहा था बीमार
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। छह दिन से लापता एक व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह मंडी समिति के नजदीक शनिवार दोपहर पड़ा मिला था, उसकी पहचान राजीव शर्मा के तौर पर हुई थी। पुलिस ने उसे भर्ती कराया था। साथ ही परिवार वालों को सूचना दी थी।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कंडेला निवासी राजीव शर्मा उर्फ सकटू (40) पिछले छह दिन से घर से लापता था। परिवार वालों के मुताबिक उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह परिवार वालों को बिना कुछ बताए घर से निकल आया था। खोजबीन के बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं लगी थी।
इधर शनिवार दोपहर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की मंडी चौकी पुलिस को राजीव मंडी समिति के नजदीक पड़ा मिला। वह कुछ बोल नहीं पा रहा था। पुलिस कर्मियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। रात करीब 12 बजे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।
रविवार सुबह परिवार वालों को इस संबंध में जानकारी हुई। वे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ही राजीव के छह दिन से घर से लापता होने की जानकारी दी। यह भी बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार था। परिवार वालों ने यह भी बताया कि राजीव दो भाइयों में बड़ा था। उसके दो बच्चे भी हैं।