Budaun News: घर में घुसकर मारपीट, चार पर रिपोर्ट
सहसवान। चार लोगों ने घर में घुसकर पति-पत्नी को जमकर पीटा और घर में रखा सामान तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजातगंज बेला निवासी कासिम पुत्र मुख्त्यार का कहना है कि नौ अगस्त की रात करीब नौ बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान उसकी भाइयों से बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। शोर सुनकर गांव के चार लोग लाठी-डंडे, धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और उसको अपशब्द कहने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कासिम की पत्नी गुलशन बी ने बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसे भी पीटा। इसके बाद हमलावरों ने घर में रखा सामान भी तोड़ दिया। ग्रामीण एकत्र हुए तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। गुलशन बी की हालत देखते हुए डाॅक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि कासिम की तहरीर पर मोहम्मद हसन, जाबिल, आले हसन और रहील अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संवाद