बदायूं

Budaun News: फंदे से लटककर महिला ने की आत्महत्या

Connect News 24

Woman committed suicide by hanging

पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते मरजीना के परिजन। संवाद

ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया

संवाद न्यूज एजेंसी

कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र के भदरौल गांव में 27 वर्षीय मरजीना ने फंदे से लटककर जान दे दी। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इससे तंग आकर मरजीना ने फंदे से लटककर आत्महत्या की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करते हुए पति को हिरासत में ले लिया है।

वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव हतरा निवासी इमरान ने बताया कि करीब छह साल पहले उसकी बहन मरजीना का निकाह भदरौल निवासी जान मोहम्मद के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसने दहेज को लेकर मरजीना का उत्पीड़न शुरू कर दिया। वह उसके साथ मारपीट भी करता था। इस दौरान उसके दो बच्चे भी हुए।

शनिवार को मरजीना ने कॉल करके बताया कि जान मोहम्मद उसको पीट रहा है। मायके वालों ने उसको घर आने के लिए कहा लेकिन उसने आने से मना कर दिया। शाम को गांव के लोगों ने बताया कि मरजीना ने घर के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी है। इसपर मरजीना के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। परिवार वालों ने दहेज के लिए मरजीना के उत्पीड़न का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया।

रविवार दोपहर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट लिख ली गई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, पति समेत पांच पर रिपोर्ट

सहसवान। ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। पीड़िता की मां ने पति, सास ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव बसौलिया निवासी आसमा पत्नी नईम के अनुसार, उसने पुत्री हिना का निकाह करीब डेढ़ साल पूर्व भवानीपुर खल्ली निवासी सोहेल के साथ किया था। उसने शादी में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे लेकिन ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज में बाइक और एक लाख रुपये नकदी की मांग को लेकर उन्होंने हिना से मारपीट शुरू कर दी।

कई बार हिना को घर से निकाल दिया। पंचायत में फैसला हुआ लेकिन कुछ समय बाद फिर वही सिलसिला शुरू हो गया। परिजनों के अनुसार, 10 अगस्त को हिना मायके आई थी। 15 अगस्त की सुबह सोहेल उसे विदा कराकर ले गया। दोपहर तीन बजे आसमा को सूचना मिली कि हिना के ससुराल वालों ने उसे जमकर पीटा है।

वह मौके पर पहुंची तो हिना बेहोश पड़ी थी। ससुराल वाले घर पर नहीं थे। परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए। उन्होंने हिना के पति सोहेल, ससुर साहिर, सास नादिरा, ददिया ससुर राहत और ददिया सास के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button