Budaun News: रक्षपाल हत्याकांड में पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट
बदायूं। रक्षपाल हत्याकांड में पुलिस ने कोर्ट में जार्चशीट दाखिल कर दी है। भतीजे ने रिपोर्ट में जिन लोगों को नामजद किया था, पुलिस की जांच में वे बेकसूर निकले। पुलिस के मुताबिक, रक्षपाल की हत्या उसके भाई ने ही सुपारी देकर कराई थी।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर में रक्षपाल (65) की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में रक्षपाल के भतीजे जितेंद्र ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि दिव्यांग किसान रक्षपाल का भाई महेंद्र उसकी चार बीघा जमीन हड़पना चाहता था।
उसने जमीन हड़पने और विरोधियों को फंसाने लिए अपने बेटे जितेंद्र, सुखपाल, रामनिवास और रिश्तेदार मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र के गांव नगला जस्सू निवासी भानुप्रताप के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इसके लिए संभल जिले के थाना हजरतनगर गढ़ी के गांव भारतल गदापुर निवासी शूटर अखिलेश को 50 हजार की सुपारी दी गई। पुलिस ने जांच में नामजदगी झूठी पाए जाने के बाद भानुप्रताप को गिरफ्तार कर लिया।
उसने पूछताछ में सारी सचाई बयां कर दी। इसके बाद पुलिस ने रक्षपाल के भाई और भतीजों को गिरफ्तार कर लिया। पांच आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। शूटर अखिलेश ने मुरादाबाद कोर्ट में समर्पण कर दिया था। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी।