Budaun News: पुलिस ने दबाव बनाने के लिए थाने में बैठा लिया था महिला का पति, दौरा पड़ने पर छोड़ा

बिल्सी थाना क्षेत्र के बैरमई बुजुर्ग में घटना स्थल पर छानबीन करती पुलिस। संवाद
बिल्सी। बैरमई बुजुर्ग गांव में मां-बेटी ने आत्महत्या की है या उनकी हत्या करके शव फंदे से लटकाए गए हैं, इसका तो अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन गांव में चर्चा है किशोरी के परिजन और पुलिस महिला को लगातार धमका रहे थे।
दरअसल, महिला का बड़ा बेटा पड़ोस की किशोरी को ले गया है। पुलिस ने दबाव बनाने के लिए महिला के पति को थाने में बैठा लिया था, लेकिन दौरे पड़ने पर उसे छोड़ दिया। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है। महिला का छोटा बेटा भी लापता है।
गांव में महिला कुसुम की जाति के गांव केवल चार ही परिवार हैं। किशोरी महिला के पड़ोस की रहने वाली है। मोहल्ले वालों के मुताबिक महिला कुसुम का परिवार मजदूरी करके गुजारा करता है। पति राधेश्याम के अलावा उसके दोनों बेटे विशाल और अंकित भी मजदूरी करते हैं। किशोरी का पिता भट्ठे पर मजदूरी करता है। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर पर आना जाना है।
इसी दौरान किशोरी और महिला के बेटे विशाल के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। तीन नवंबर को दोनों घर से भाग गए। परिजनों का कहना है कि लड़की घर से 90 हजार की नकदी, सोने के कुंडल और पाजेब भी ले गई है। इस पर लड़की के पिता ने विशाल और उसके छोटे भाई अंकित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस को न तो विशाल मिला और न अंकित। दबाव बनाने के लिए पुलिस महिला के पति राधेश्याम उर्फ नेकसू को चार नवंबर को थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि उसे पांच नवंबर तक थाने में बैठाए रखा गया। उसे दौरे पड़ रहे थे, इससे पुलिस ने उसे छोड़ दिया लेकिन तभी से वह लापता है। उसका कोई पता नहीं चल रहा है। इससे दोनों मां-बेटी घर में अकेली रह गईं थीं। उन्हें अकेला देखकर लड़की के परिवार वालों ने मां-बेटी को धमकाया था। इससे दोनों काफी डर गईं थीं। सोमवार अपरान्ह करीब तीन चार बजे तक लोगों ने उन्हें गांव में घूमते देखा था लेकिन इसके बाद वे नजर नहीं आईं। आशंका होने पर जब लोगों ने जब उनके घर में झांककर देखा तो दोनों के शव फंदे से लटके थे।
ढाई साल पहले एक महिला को ले गया था विशाल
कुछ लोगों का कहना है कि महिला का बड़ा बेटा विशाल करीब ढाई साल पहले गांव की एक महिला को ले गया था। हालांकि कुछ दिन बाद उसे लेकर गांव लौट आया था। तब उसके खिलाफ एफआईआर नहीं हुई थी। इसे लेकर भी कुछ लोगों में नाराजगी है। चर्चा है कि किशोरी के साथ ही इस महिला के परिवार वाले भी कुसुमा को धमका रहे थे।


