बदायूं

Budaun News: मेडिकल कॉलेज में सामूहिक दुष्कर्म की अफवाह पर दौड़ी पुलिस

Connect News 24

बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की सूचना से पुलिस के होश उड़ गए। किसी ने एसएसपी को फोन पर बताया कि कॉलेज कैंपस में सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है। एसएसपी के निर्देश पर सीओ सिटी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और प्राचार्य से बात की। इसके बाद पता चला कि कॉलेज में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। एक युवक ने इस तरह की अफवाह फैलाई है। पुलिस ने प्राचार्य की तहरीर पर अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

शुक्रवार को दोपहर के समय एक युवक ने एसएसपी को फोन किया। युवक ने खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। इस तरह की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने तुरंत सीओ सिटी आलोक मिश्रा को मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए। सीओ सिटी सिविल लाइंस पुलिस के साथ कॉलेज कैंपस में पहुंचे और वहां छात्र-छात्राओं से बात की।

छात्र और छात्राओं के अलावा स्टाफ ने भी पुलिस को बताया कि इस तरह की घटना यहां घटित नहीं हुई है। सूचना को गलत बताया गया। बाद में सीओ ने प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति से बात की तो पता चला कि इस तरह की घटना नहीं घटी है। प्राचार्य ने बताया कि एक युवक उनके पास आया था जो खुद को मीडियाकर्मी बता रहा था। वह उन पर दबाव बना रहा था कि इस तरह की घटना घटित हुई है। प्राचार्य ने उस कथित मीडियाकर्मी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।

मैं अपने ऑफिस में बैठा था। इसी दौरान एक युवक आया उसने खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। उसी ने भ्रामक सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। सीओ सिटी आए थे फिलहाल इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी गई है। – डॉ. एनसी प्रजापति

खुद को मीडियाकर्मी बताने वाले युवक ने भ्रामक सूचना दी थी। हम कॉलेज पहुंचे तो पता चला कि इस तरह की कोई घटना घटित नहीं हुई है। प्राचार्य की तहरीर पर भ्रामक सूचना देने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। – आलोक मिश्रा, सीओ सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button