Budaun News: शहर से गांव तक बिजली संकट, जनता बेहाल

उसावां कस्बे में केबिल ठीक करते बिजली विभाग के कर्मचारी। संवाद
बदायूं। जिले में बिजली की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहर से लेकर गांव तक बिजली कटौती से लोग बेहद परेशान हैं। जिन इलाकों में आपूर्ति आ रही है, वहां अब लो वोल्टेज की समस्या हो गई है। इससे न तो ठीक से पंखे चल रहे हैं और न फ्रिज में रखा पानी ठंडा हो रहा है।
बुधवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में बिजली की कटौती हुई। शहर में आपूर्ति की बात करें तो मंगलवार रात कई मोहल्लों में बिजली ठप रही। मढ़ई चौक, चाहमीर मोहल्ला समेत कई मोहल्लों में रात 12 बजे के बाद बिजली ठप हो गई। बेहद गर्मी में बंद मकानों में और ज्यादा समस्या हो गई। लोगों ने किसी तरह छतों पर लेटकर रात गुजारी। इसके बावजूद सुबह तक बिजली नहीं आई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह कुछ देर के लिए बिजली आई, लेकिन इसके बाद दोपहर बाद तक लोग परेशान रहे। शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली का लगभग यही हाल रहा। बुधवार को बिजली कटौती केवल शहर में ही नहीं रही, बल्कि शहर के आसपास और अन्य ग्रामीण इलाकों में भी बिजली कटौती रही। साथ ही ग्रामीण इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या रही। इससे बिजली का आना और न आना एक बराबर रहा। लोगों के घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण ठंडे पड़े रहे। उनके न तो पंखे, कूलर चले और न ही फ्रिज चल सकी। यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि यह समस्या ओवरलोड से हो रही है।
आसफपुर इलाके में फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे किसान
दबतोरी। आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती हो रही है। यहां केवल चार से पांच घंटे की आपूर्ति ही मिल पा रही है। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड से लाइनों में फाल्ट हो रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग कह रहे हैं यह बिजली की कटौती हो रही है। इससे किसान भी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उनकी फसलें सूख रही हैं।
सैदपुर में ट्रांसफॉमर्र फुंका, आपूर्ति ठप
सैदपुर/वजीरगंज। सैदपुर और वजीरगंज इलाके में बिजली कटौती के साथ ट्रिपिंग से लोगों का जीना मुहाल है। बुधवार को सैदपुर के झंडा मोहल्ले में लगा ट्रांसफॉर्मर फुंक गया, जिससे कस्बे के कई मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई है। इसके अलावा दोनों कस्बों में 10 से 12 घंटे की ही आपूर्ति मिल पा रही है। किसानों की फसलें सूख रहीं हैं। जेई रामस्वरूप ने बताया कि गर्मी के चलते लाइनों में फाॅल्ट हो रहे हैं। इससे कटौती हो रही है। संवाद
सहसवान में बिजली ट्रिपिंग से परेशान
सहसवान। नगर और ग्रामीण में 18 से 20 घंटे बिजली देने का दावा किया जा रहा है लेकिन इसकी हकीकत यह है कि इलाके में केवल 14 से 16 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। इसके अलावा बिजली ट्रिपिंग से जनता परेशान है। लगातार लाइनों में फाल्ट हो रहे हैं। संवाद
कादरचौक तीन उपकेंद्र ओवरलोड
कादरचौक। ब्लॉक क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र कादरचौक, भूड़ा भदरौल और असरासी तीनों ओवरलोड चल रहे हैं, जिससे ठीक से आपूर्ति भी नहीं मिल पा रही है। बुधवार को तीसरे दिन कहीं आपूर्ति मिल पाई। इसके अलावा यहां 15 से 16 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। संवाद
उसावां उपकेंद्र का केबल बॉक्स फुंका
उसावां। नगर के विद्युत उपकेंद्र में बुधवार सुबह केबल बॉक्स फुंक गया, जिससे कस्बा समेत कई इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर बाद तक कर्मचारी उसकी मरम्मत करते रहे। तब कहीं शाम को केबल बॉक्स ठीक हुआ और आपूर्ति बहाल हुई। हालांकि फिर भी इलाके में बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। यहां केवल 16 आपूर्ति मिल रही है। देहात में दो घंटे और कम कर दी गई है। संवाद