Budaun News: क्लीनिक पर मिलीं गर्भवती महिलाएं, नोटिस देकर मांगा जवाब
उझानी (बदायूं)। डिप्टी सीएमओ डॉ. निरंजन सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को तीन सदस्यीय टीम ने कस्बे समेत आसपास इलाके के क्लीनिकों को चेक किया। एक-दो क्लीनिकों पर तो गर्भवती महिलाएं भर्ती मिलीं। इसके बाद उनके संचालकों को नोटिस सौंपकर उनसे संबंधित जानकारी तलब की गई है।
डिप्टी सीएमओ की देखरेख में टीम ने सबसे पहले बाईपास इलाके के क्लीनिकों और नर्सिंगहोम की ओर रुख किया। चार क्लीनिकों को चेक किया गया। बाईपास पर ही दो क्लीनिक में गर्भवती महिलाओं के भर्ती मिलने के बाद स्टॉफ से डॉक्टरों के बारे में जानकारी की गई। नर्सिंग स्टॉफ ने डॉक्टरों के नाम और पते की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। गर्भवती महिलाओं के वीडियो बनाकर उनके बयान भी दर्ज किए गए। एक क्लीनिक संचालक ने तो खुद के ही शैक्षिक अभिलेख और पंजीकरण दिखाने में हीलाहवाली की और बाद में वह खिसक गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आसपास इलाके में भी क्लीनिकों को चेक किया। एक दर्जन से अधिक क्लीनिकों में पांच संचालकों को नोटिस देकर दो दिन मेें संबंधित अभिलेख तलब किए गए।
पिछले दिनों मुजरिया चौराहे के पास एक क्लीनिक पर प्रसव की सुविधा देकर गर्भवती महिलाओं को भर्ती करना शुरू कर दिया था। इस दौरान कछला निवासी जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी। इसके अलावा उघैती और बदायूं शहर में भी ऐसे ही मामले सामने आए तो फजीहत से बचने को स्वास्थ्य विभाग की ओर से निजी क्लीनिक सील कर दिए गए थे। उझानी में भी बिना पंजीकरण के संचालित एक निजी क्लीनिक भी सील किया जा चुका है।
निजी क्लीनिकों पर गर्भवती महिलाओं को भर्ती करके उनका प्रसव कराए जाने की शिकायतें सामने आने के बाद चेकिंग शुरू की गई है। क्लीनिकों पर विभाग मानक के अनुरूप सुविधाएं नजर नहीं आईं हैं। एक क्लीनिक पर भी संचालक और डॉक्टर भी नहीं मिला। नोटिस देकर दो दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। – डॉ. निरंजन सिंह, डिप्टी सीएमओ