Budaun News: परिवहन ठेकेदारों को उपलब्ध कराएं कोटेदारों के फोन नंबर
डीएम ने बैठक में पूर्ति निरीक्षकों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने सभी पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं के मोबाइल नंबरों की सूची दो दिन के अन्दर संबंधित परिवहन ठेकेदारों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। परिवहन ठेकेदार यह सुनिश्चित करें कि उचितदर विक्रेताओं को खाद्यान्न निर्गत करते समय एप के माध्यम से खाद्यान्न की रिसीविंग करा दी है।
बुधवार को कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिला पूर्ति विभाग ने अवगत कराया कि जनपद में नवंबर 2021 से सिगंल स्टेज परिवहन व्यवस्था लागू हो चुकी है। छह परिवहन ठेकेदारों द्वारा एफसीआई से खाद्यान्न का उठान कर सीधे उचित दर की दुकानों तक पहुंचाया जा रहा है। गोदामों से खाद्यान्न को डिस्पैच कराने के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी नरेन्द्र सिंह एवं आशाराम पाल को नामित किया गया है।
बताया गया कि जनपद में कुल 1422 उचित दर की दुकानें है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संकरी गलियों में स्थित दुकानों पर बड़ा वाहन नहीं पहुंच पाता है। इस समस्या के निराकरण के लिए हल्के वाहनों को सम्मिलित कर पुनः रूट चार्ट बनाया जा रहा है। बताया गया कि जनपद में परिवहन ठेकेदारों द्वारा उचितदर विक्रेताओं को खाद्यान्न निर्गत करते समय एप के माध्यम से खाद्यान्न रिसीव नहीं कराया जा रहा है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपस्थित पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया।