Budaun News: राधेश्याम का आरोप- किशोरी के घरवालों ने फंदे से लटकाकर की पत्नी-बेटी की हत्या

बिल्सी के गांव बैरमई बुजुर्ग में मृतका मां-बेटी के घर के बाहर तैनात पुलिस। संवाद
बिल्सी। थाना क्षेत्र के बैरमई बुजुर्ग गांव में फंदे से लटके मिले मां-बेटी के शव का पुलिस ने मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत फंदे से लटकने से होने की पुष्टि हुई है। राधेश्याम उर्फ नेकसू ने बेटे के साथ गई किशोरी के परिजनों परन्त्नी और बेटी की फंदे से लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने छोटे बेटे अंकित के साथ लालपुल श्मशान भूमि पर दोनों का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद बेटे के साथ कहीं रिश्तेदारी में चले गए। गांव में उनके घर पर ताला लगा है। मां-बेटी के आत्महत्या करने की वजह की पुलिस जांच कर रही है।
ग्राम बैरमई बुजुर्ग में सोमवार देर शाम कुसुम (52) और उनकी बेटी मोनी (15) के शव घर में ही साड़ी के फंदे से लटके मिले थे। ग्रामीणों का कहना था कि महिला का बेटा विशाल तीन नवंबर को पड़ोस की एक किशोरी को ले गया था। दूसरे दिन लड़की के पिता ने विशाल और उसके छोटे भाई अंकित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि उस दौरान अंकित गांव में मौजूद नहीं था। वह कहीं बाहर मजदूरी करता है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशाल के पिता राधेश्याम उर्फ नेकसू को पकड़कर थाने में बैठा लिया था, लेकिन उन्हें दौरे पड़ने पर छोड़ दिया गया। इसके बाद से राधेश्याम भी गायब हो गए थे। सोमवार को दोनों मां-बेटी घर पर अकेली थीं। शाम को ग्रामीणों ने उनके शव फंदे से लटके देखे।
देर रात एसएसपी डॉ. ओपी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी ली और मामले की जांच के निर्देश दिए। सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह राधेश्याम और अंकित गांव आ गए। मंगलवार दोपहर पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। परिवार वाले शव गांव नहीं ले गए। उन्होंने शहर में ही लालपुल स्थित श्मशान भूमि पर अंतिम संस्कार कर दिया। चूंकि राधेश्याम का परिवार बेहद गरीब है। उन पर अंतिम संस्कार तक के लिए पैसे नहीं थे, लिहाजा पुलिस ने ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था की। इसके बाद श्मशान भूमि से ही राधेश्याम और अंकित कहीं रिश्तेदारी में चले गए।
राधेश्याम ने पत्नी कुसुम और बेटी सोनी की फंदे से लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बड़े बेटे विशाल के साथ पड़ोस की किशोरी के जाने के बाद से ही उसके परिवार वाले धमकी दे रहे थे। उनके साथ पुलिस भी धमका रही थी। वह पुलिस के डर की वजह से गांव से चले गए थे। उनकी पत्नी और बेटी की हत्या किशोरी के परिवार वालों ने ही की है।
मां-बेटी ने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। उन्हें पुलिस ने परेशान नहीं किया था। उन्होंने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच कराई जा रही है। दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग आई है। – डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी

बिल्सी के गांव बैरमई बुजुर्ग में मृतका मां-बेटी के घर के बाहर तैनात पुलिस। संवाद