Budaun News: बाजे-गाजे के साथ निकली रामजी की भव्य बरात, ठहर गया शहर

रामबारात में शामिल एटा की झांकियां। संवाद
बदायूं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बरात देखने को शहर मानों ठहर सा गया। रंगमंदिर से दर्शन कर जैसे ही प्रभु राम रथ पर सवार हुए वैसे हर तरफ उनकी जय जयकार होने लगी। बरात को देखने वाले लाखों लोग बराती बनकर प्रभु राम की बरात में शामिल हुए तो वहीं आकर्षक झांकियां, काली अखाड़े, बैंड आदि देखने की भी होड़ दिखाई दी। देर रात तक बरात में धूम धड़ाका चलता रहा।
श्री रामलीला महोत्सव कमेटी की ओर से बृहस्पतिवार को शहर में श्रीराम बरात निकाली गई। साहूकारा स्थित रंग मंदिर में प्रभु राम के स्वरूप ने दर्शन किए। इसके बाद वह बिरुआबाड़ी मंदिर से रथ पर सवार हुए। बरात यहां से होते हुए पथिक चौक, काली सड़क, शास्त्री चौक, बड़ा बाजार, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौक, लोटनपुरा, परशुराम चौक होते हुए गुजरी।
बरात में नासिक का ढोल, अमृतसर का भांगड़ा, गढ़वाल का लोकनृत्य, इटावा के घोड़े समेत आगरा, एटा, हाथरस से आईं मनमोहक झांकियां शामिल रहीं। बैग पाइपर बैंड और सपेरा बैंड ने भी लोगों का मनोरंजन किया। इस्कान मंदिर, वृंदावन से आए विदेशी भक्त भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। शहर के मुख्य मार्गों से होकर यात्रा देर रात गांधी ग्रांउड पहुंची।
मिथिला नगरी में जनक जी के दरवाजे पर बरात पहुंचने पर बरात की अगवानी करने वालों की खुशी का ठिकाना न रहा। इसके बाद में भगवान श्रीराम का माता जानकी के साथ विवाह हुआ। रास्ते में कई स्थानों पर रोककर बरातियों का जलपान कराया गया, साथ ही तमाम जगहों पर श्रीराम के स्वरूपों की आरती उतारकर चरण वंदना की गई। श्रीराम बारात के दौरान शहर का माहौल भक्तिमय हो गया।
फोटो- 32
कई जगहों पर किया गया स्वागत
– शहर के पथिक चौक, शास्त्री चौक, खैराती चौक, मढ़ई चौक आदि जगहों पर बरात का भव्य स्वागत किया गया। मढ़ई चौक पर पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने पूर्व विधायक आबिद रजा और पालिका सभासदों के साथ रामबरात का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके अलावा सराफा एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश कैमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन समेत कई संगठनों ने बरात में शामिल स्वरूपों की आरती उतारकर स्वागत किया और जलपान का इंतजाम कराया।
बरात में रहा इन लोगों का सहयोग
भगवान राम की बरात के दौरान मेला अध्यक्ष अरविंद कांत, मंत्री रवींद्र वैश्य, कोषाध्यक्ष रवि नंदन गुप्ता, प्रेमशंकर अग्रवाल, अगम गुप्ता, सार्थक गुप्ता, गर्वित वैश्य, मुनीश अग्रवाल, राजी गुप्ता, शलभ वैश्य, दिलीप अग्रवाल, शैलेंद्र प्रकाश, पंकज, पल्लव, सूर्यप्रकाश, रवि वैश्य, अमर वैश्य, नृसिंह प्रसाद, सोना गुप्ता, शरद बंसल आदि का विशेष सहयोग रहा।

रामबारात में शामिल एटा की झांकियां। संवाद

रामबारात में शामिल एटा की झांकियां। संवाद

रामबारात में शामिल एटा की झांकियां। संवाद

रामबारात में शामिल एटा की झांकियां। संवाद