Budaun News: बेहटा गुसाईं में रामलीला के कलाकार पर हमला
बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव बेहटा गुसाईं में शुक्रवार रात रामलीला के कलाकारों पर हमला बोल दिया गया। राम की भूमिका निभा रहे कलाकार को बेल्ट से पीटा गया। कलाकारों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार शाम ग्राम बेहटा गुसाईं में चल रही रामलीला में रावण वध और पुतला दहन का मंचन होना था। कलाकारों के मुताबिक, जब वे मंचन के लिए एक कमरे में मेकअप कर रहे थे, तभी गांव का ही एक युवक कमरे में आ गया। कलाकारों ने इसका विरोध किया तो उसने गालीगलौज करते हुए अभद्रता की। उस वक्त गांव के लोगों ने मामला शांत करा दिया। इसके बाद रावण वध और पुतला दहन हुआ।
रावण का पुतला दहन होने के बाद गांव की परंपरा के अनुसार राम, लक्ष्मण और हनुमान की भूमिका निभा रहे कलाकार पैदल गांव में भ्रमण के लिए निकले, तभी युवक ने अपने घर के सामने राम बने कलाकार को बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। यह देखकर तमाम लोग आ गए। उन्होंने जैसे तैसे कलाकार को बचाया। पिटाई से कलाकार को काफी चोटें आई हैं। उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है। मामले की जांच कराई जा रही है।