Pilibhit News: अवैध संबंधों के चलते हुई थी राजू की हत्या
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली पुलिस ने तीन सप्ताह पूर्व गांव रामनगर जगतपुर में हुए राजू हत्याकांड का शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अवैध संबंधों का निकला है।
दियोरिया कोतवाली के गांव रामनगर जगतपुर निवासी परचून विक्रेता राजू (26 वर्ष) की नौ अक्तूबर की रात में उसके घर पर ही हत्या कर दी गई थी। उसके माथे पर किसी भारी चीज के निशान पाए गए थे। पड़ोस में खून से सना सिलबट्टा भी पड़ा था। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। राजू घर में अकेले रहता था।
पोस्टमार्टम में भी किसी भारी चीज से प्रहार कर हत्या की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने शुक्रवार को गांव के ही सुनील को गिरफ्तार कर लिया। सुनील ने पुलिस को बताया कि राजू के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे। पता चलने पर नाराज होकर राजू की पत्नी भी उसे छोड़कर अपने मायके चली गई थी। सुनील ने कई बार मना किया, लेकिन राजू नहीं माना तो उसने राजू की हत्या करने का निर्णय लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया।