Pilibhit News: खंभे से बांधकर चोर को पीटने वाले चिह्नित नहीं
पीलीभीत। प्राइमरी स्कूल में चोरी करने गए चोरों में एक को पकड़कर ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर चार घंटे तक पीटा था। बाद में सुनगढ़ी पुलिस उसे पकड़कर ले गई थी। हालांकि पुलिस चोर को पीटने वाले ग्रामीणों की अब तक पहचान नहीं कर सकी है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव सढ़ा गौटिया के प्राइमरी स्कूल में बृहस्पतिवार की रात कुछ चोर घुस आए थे। चोरों ने स्कूल में तीन-चार जगह नकब लगा दिया। चोरों ने स्कूल में रखा कुछ सामान भी चुरा लिया। सुगबुगाहट होने पर ग्रामीणाें ने एक चोर पकड़ लिया, जबकि उसके साथ आए तीन अन्य लोग भाग गए। ग्रामीणोें ने लालकुंआ (उत्तराखंड) के मोहल्ला नगीना के रहने वाले नन्हें पुत्र लज्जाराम को पकड़ लिया और गांव में ही खंभे से बांधकर जमकर पिटाई लगाई। सुबह जानकारी लगने के बाद पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपी को जेल भेज दिया, लेकिन चोर के साथ अमानवीय व्यवहार करने वाले ग्रामीण अब तक चिह्नित नहीं किए जा सके हैं।
चोरी करने वाले पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो चोर खुला हुआ मिला था। बाकी मामले की जांच कराई जाएगी।
– संजीव शुक्ला, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी