Pilibhit News: मजदूरी करने गए युवक की करंट लगने से हुई मौत
पीलीभीत। जहानाबाद क्षेत्र में काम करने गए मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही जहानाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना गजरौला क्षेत्र के गांव नौगवां कल्यानपुर निवासी छोटेलाल मजदूरी करता है।
बृहस्पतिवार को वह थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव खमरिया पुल के पास अरुण के घर पर काम करने गया था। शाम लगभग चार बजे जब वह पानी लेने के लिए नल के पास गया तो उस समय मोटर चल रहा था। किसी तरह से नल में करंट आ गया और छोटेलाल उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोग उसे जहानाबाद सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच उसके साथियों ने मामले की सूचना परिजनों को दी। परिजन भी जहानाबाद सीएचसी पहुंच गए। जानकारी लगते ही जहानाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कबाड़ी झुलसा
पूरनपुर। कबाड़ का काम करने वाला मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी इमरान (35) हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। सीएचसी से इमरान को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना पूरनपुर देहात के मोहल्ला खानकाह की है। इमरान एक प्राइवेट अस्पताल की छत पर चढ़कर गत्ता उतार रहा था। छत के समीप से निकल रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह झुलस गया। सीएचसी से इमरान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद