Pilibhit News: ट्रक की चपेट में आकर युवा अधिवक्ता की मौत

मृतक आकाश वर्मा का फाइल फोटो
पीलीभीत। पत्नी को बुआ के घर छोड़कर गांव लौट रहे अधिवक्ता आकाश वर्मा शहर में जेपी होटल के सामने तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना गजरौला क्षेत्र के गांव बंजरिया जमुनिया के रहने वाले अधिवक्ता आकाश वर्मा (27 वर्ष) पुत्र माखनलाल बृहस्पतिवार को कचहरी से अपने गांव गए थे। देर शाम पत्नी महेश्वरी के साथ शहर स्थित राजीव कॉलोनी में अपनी बुआ के घर आए थे। रात अधिक हो जाने के कारण वहीं रुक गए थे। बुआ के घर से सुबह सात बजे कचहरी जाने से पहले वह गांव में वकालत की ड्रेस पहनने जा रहे थे। इसी दौरान पूरनपुर हाईवे पर पहुंचते ही जेपी होटल के आगे स्थित पेट्रोप पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार अधिवक्ता को अपनी चपेट में ले लिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। सूचना मिलते ही मौके पर परिजन व सुनगढ़ी पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
आठ माह पूर्व हुई थी अधिवक्ता की शादी
परिजन ने बताया कि आठ माह पूर्व ही आकाश की शादी जिला बदायूं के थाना सहसवान की रहने वाली महेश्वरी के साथ हुई थी। उनकी पत्नी गर्भवती भी बताई जा रही है। अधिवक्ता की मौत की खबर से उसके व पत्नी के परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक आकाश वर्मा का फाइल फोटो