बदायूं

Budaun News: आतिशबाजी के लाइसेंस आवेदकों से अग्निशमन कार्यालय में हो रही वसूली

Connect News 24

Recovery being made from fireworks license applicants in the fire office

अ​ग्निशमन कार्यालय पर पटाखों का लाइसंस बनवाने  आए लोगों से बात करते एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवा

बदायूं। अग्निशमन कार्यालय में तीन दिन से आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस बनवाने के लिए मारामारी हो रही है। बुधवार दोपहर तमाम लोगों ने कार्यालय में जमकर हंगामा किया। उन्होंने सीओ पर खुलेआम अवैध वसूली करने का आरोप लगाया।

सूचना पर एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर भी पहुंच गए। एसपी सिटी ने लोगों के बयान दर्जकर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। आवेदकों ने वसूली कर रहे अग्निशमन कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए पुलिस को तहरीर भी सौंपी। बाद में एसएसपी ने जिला अग्निशमन अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

आतिशबाजी बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस बनवाने के लिए बुधवार सुबह से जिला अग्निशमन कार्यालय पर आवेदकों की भीड़ लग गई। शहर के अलावा उझानी, बिसौली, फैजगंज बेहटा, बिल्सी और उघैती समेत जिले भर से लोग लाइसेंस बनवाने के लिए पहुंचे थे। सुबह से लेकर दोपहर तक उन्हें टरकाया जाता रहा। कुछ लोगों का कहना है कि जो लोग रुपये दे रहे थे, उनके लाइसेंस बनवाए जा रहे थे। बाकी लोगों को अगले दिन आने के लिए कहा जा रहा था। कई लोगों के आवेदन ही गायब कर दिए गए। इसे लेकर कार्यालय परिसर में लोगों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने एसएसपी डॉ. ओपी सिंह को मोबाइल पर सूचना दी।

एसएसपी ने जिला अग्निशमन अधिकारी राजाराम यादव को मोबाइल पर कड़ी फटकार लगाई। कहा, लाइसेंस के आवेदकों से उगाही हुई तो सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद एसएसपी ने एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव को जांच के लिए अग्निशमन कार्यालय भेजा। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई भी पहुंच गए। एसपी सिटी ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। आवेदकों ने अग्निशमनकर्मी अरविंद सिंह, कौशल सिंह और ललित कुमार के खिलाफ अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी। तहरीर में विकल गुप्ता, अंकित गुप्ता, शिवम, मुन्नालाल, जयपाल, अशोक, अवनीश, गोविंद समेत तमाम लोगों के हस्ताक्षर थे।

वर्जन

अग्निशमन कार्यालय में अवैध वसूली की शिकायत पर एसपी सिटी को जांच के लिए भेजा गया था। वहां लोगों के बयान दर्ज कराए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button