Budaun News: घर के बाहर बंधी भैंसों को भाला मारा, पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव सिलहरी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिलहरी में मामूली बात पर एक भैंस और पड़िया को भाला मारकर लहूलुहान कर दिया गया। बचाने आए परिवार वालों के साथ भी गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। भैंस मालिक महिला ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
ग्राम सिलहरी निवासी सीमा पत्नी सत्यपाल के मुताबिक मामला 28 सितंबर सुबह करीब आठ बजे का है। उस दौरान उसकी एक भैंस और एक पड़िया (भैंस का बच्चा) घर के बाहर बंधे हुए थे। तभी उसके गांव के रक्षपाल की एक भैंस और एक पड़िया किसी तरह खूंटे से खुलकर आ गई और सीमा की भैंस से भिड़ गईं। इसी दौरान रक्षपाल भी आ गया। उसका बेटा उदयवीर भाला ले आया।
पिता-पुत्र ने उसकी भैंस और पड़िया पर भाले से हमला कर दिया। दोनों के शरीर पर कई जगह भाला मारा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सीमा और उसके परिवार वालों ने भैंसों को बचाने की कोशिश की। इस पर आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
सीमा सहसवान कोतवाली पहुंची और दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।