Budaun News: पेशाब पिलाने की धमकी देने वाले अमीन पर रिपोर्ट दर्ज
ब्याज पर रुपये उठाने में काम करता है काम, एक दिन पहले ऑडियो हुआ था वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने पेशाब पिलाने की धमकी देने वाले अमीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उसका एक दिन पहले ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक व्यक्ति को पीटने और पेशाब पिलाने की धमकी दे रहा था।
शहर के गांधी नगर निवासी नीलम पत्नी ध्रुव कुमार मौर्य ने अमीन सुरजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नीलम का आरोप है कि उनके पति पर अमीन के चार लाख रुपये उधार थे। अमीन के पास उनके मकान के कागजात और एक अंगूठी थी। अमीन के जो रुपये उन पर बकाया थे। वह सबका भुगतान कर चुके थे बावजूद इसके वह उनके कागजात और अंगूठी नहीं दे रहा था।
एक दिन पहले ध्रुव कुमार और अमीन के बीच मोबाइल पर बात हुई। उस दौरान अमीन ने जमकर गाली-गलौज की। ध्रुव कुमार से कहा कि वह एक लाख रुपये और दे। उसके बाद वह अंगूठी और कागजात वापस करेगा।
इस दौरान अमीन ने ध्रुव कुमार को पेशाब पिलाने की धमकी भी दी। रविवार को इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। बाद में नीलम ने थाने आकर अमीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।