Budaun News: एसएसपी ऑफिस पर जाम लगाने वाले कांग्रेस के जिलाध्यक्ष समेत 37 पर रिपोर्ट
बदायूं। एसएसपी आवास पर जाम लगाने के मामले में सात नामजद समेत 30 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
सिविल लाइंस थाने के एसआई नरेश कुमार ने शुक्रवार को दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि वह बृहस्पतिवार को नेकपुर में गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि एसएसपी आवास पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं और वह अपनी व्यक्तिगत समस्या को लेकर आवास के बाहर रोड पर बैठे हैं, इससे जाम लग गया है। वह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया मगर वे नहीं माने। उन्होंने कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव लभारी निवासी किशन, मोहन, हरकेश, नीतू, रूबी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह, मोरपाल के अलावा 30 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ गौरव विश्नोई ने बताया कि जाम लगाने वालों के कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने उकसाया था। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद