Budaun News: मुजरिया थाने के मालखाने से गायब कारतूसों के मामले में मृत हेड मोहर्रिर पर रिपोर्ट
सीओ की जांच में मामला उजागर होने के बाद एसओ मुजरिया ने की कार्रवाई
– वर्ष 2011 में रायफल, एसएलआर, पिस्टल के बड़ी संख्या में गायब हुए थे कारतूस
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/सहसवान। मुजरिया थाने के मालखाने से गायब हुए कारतूसों के मामले में अब मृतक हेड मोहर्रिर के खिलाफ गबन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ की जांच में मामला उजागर होने के बाद मुजरिया एसओ ने एफआईआर दर्ज कराई है।
वर्ष 2011 में मुजरिया थाने में बाबूराम हेड मोहर्रिर के पद पर तैनात रहे थे। उनकी तैनाती के दौरान रायफल के 108 कारतूस, एसएलआर के 115, पिस्टल के 10 और 38 बोर के 34 कारतूस गायब हुए थे। पुलिस यह मामला काफी समय तक दबाए रही थी। हाल ही में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के निर्देश पर मामले की जांच सीओ चंद्रपाल सिंह ने की तो कारतूस गबन का मामला सही पाया गया। सीओ की जांच के बाद एसओ राजेश कौशिक की तहरीर पर पुलिस ने मृतक हेड मोहर्रिर बाबूराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। एसओ राजेश कौशिक ने बताया कि हेड मोहर्रिर की वर्ष 2021 में मृत्यु हो चुकी है। उनकी तैनाती के दौरान कारतूस गबन हुए थे।