Budaun News: सेवानिवृत्त होमगार्ड की हाईटेंशन लाइन से करंट लगने पर मौत

मृतक रामवीर शर्मा का फाइल फोटो।
– पिलर बनाने के दौरान तार से छू गई हाथ में ली सरिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव पिवारी में बुधवार दोपहर मकान बनाने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 61 वर्षीय सेवानिवृत्त होमगार्ड रामवीर शर्मा की मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
ग्राम पिवारी निवासी होमगार्ड रामवीर शर्मा 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए थे। इस समय उनके मकान का निर्माण चल रहा है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे राजमिस्त्री मकान का निर्माण कर रहे थे। उनके घर के सामने एक पिलर बनाया जा रहा था। बताया जाता है कि रामवीर शर्मा ने पिलर में लगाने के लिए एक सरिया उठाई कि तभी वह घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिससे रामवीर हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गए।
यह देखकर परिवार वाले और वहां काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह डंडा मारकर सरिया को तार से अलग किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई । शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। सेवानिवृत्त होमगार्ड के चार बच्चे हैं। उनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। तीन बच्चों की शादी हो चुकी है। एक बेटा अभी कुंवारा है। रामवीर की मौत से परिवार वालों का बुरा हाल है।

मृतक रामवीर शर्मा का फाइल फोटो।