Budaun News: सड़क हादसे में सेवानिवृत्त प्रोफेसर की मौत, भीड़ ने बाइक सवार किशोर को पीटा

मृतक वीरेंद्र सिंह पटेल का फाइल फोटो।(एक्सीडेंट की खबर के साथ)
बदायूं। जवाहरपुरी पुलिस चौकी के सामने घर से खाना खाकर टहलने निकले सेवानिवृत्त प्रोफसर वीरेंद्र सिंह पटेल (70) को बाइक सवार ने चपेट में ले लिया। परिवार वाले उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। इसी दौरान बाइक सवार किशोर भी वहां पहुंच गया। उसे देखकर परिजन आपा खो बैठे और उसकी जमकर पिटाई लगा दी। हालत गंभीर होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सेवानिवृत्त प्रोफसर वीरेंद्र सिंह पटेल मूलरूप से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव कुरऊ के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ जवाहरपुरी पुलिस चौकी के नजदीक रह रहे थे। रविवार रात करीब आठ बजे वीरेंद्र सिंह घर से खाना खाकर टहलने निकले थे।
वह दातागंज तिराहे से टहलते हुए जवाहरपुरी पुलिस चौकी के सामने पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक उनको चपेट में ले लिया, जिससे वीरेंद्र सिंह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार किशोर गौरव (17) पुत्र जैनेंद्र सिंह को भी मामूली चोटें आईं। वीरेंद्र सिंह को उठाकर परिवार वाले जिला अस्पताल ले गए थे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इसी दौरान किशोर भी बाइक लेकर पट्टी कराने अस्पताल पहुंचा। उसे देखकर अस्पताल में मौजूद लोग उस पर टूट पड़े। उन्होंने किशोर को जमीन पर गिरा लिया और बुरी तरह पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ लोगों ने जैसे-तैसे उसे बचाया।
सूचना पर किशोर के परिवार वाले भी आ गए। वह उसको राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने वीरेंद्र सिंह का शव मोर्चरी में रखवा दिया है।