Budaun News: कुरखेड़ा गोशाला की जमीन से कब्जे हटवाएगा राजस्व विभाग
दातागंज (बदायूं)। तहसील क्षेत्र की कुरखेड़ा गोशाला में अब सुधार के साथ ही जमीन भी कब्जा मुक्त कराई जाएगी। गोशाला की करीब छह सौ बीघा जमीन है। कुछ जमीन पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। एसडीएम ने राजस्व विभाग की टीम को इसकी नपत कराने का आदेश दिया है।
ग्राम पंचायत गलौथी के मझरा कुरखेड़ा में वृहद गोशाला बनी है। यह गोशाला जिस जमीन पर बनी है वह करीब छह सौ बीघा है। इसमें केवल 108 बीघा जमीन गोशाला के नाम है। इस 108 बीघा जमीन में 10 बीघा में गोशाला बनी है। शेष 98 बीघा जमीन खाली पड़ी है। उसके चारों ओर खाई खोदवा दी गई है, ताकि गोशाला और उसकी जमीन सुरक्षित रह सके। इसके अलावा इस 108 बीघा जमीन के बाहर करीब पांच सौ बीघा सरकारी जमीन और है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरी जमीन पर गेहूं और धान की फसल होती है। करीब 150 बीघा जमीन पर एक स्कूल के मालिक अपना अधिकार जमाते चले आ रहे हैं। वह लंबे समय से यहां जोताई करवाकर फसल की बुआई करा देते हैं। आज तक किसी ने इस जमीन के बारे में सच्चाई जानने की कोशिश नहीं की। अब कुछ अन्य लोग शेष 350 बीघा जमीन पर भी अपना हक जमाने लगे हैं। इसका पता बीते दिनों यहां पहुंचे एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह को हुआ तो उन्होंने मौके पर जाकर पड़ताल की। उन्हें बताया गया कि सरकारी अभिलेखों में यह जमीन ग्राम समाज के नाम पर दर्ज है, लेकिन उस पर अन्य लोगों का कब्जा है। एसडीएम ने इसकी नपत कराने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नपत कराने से जमीन की सच्चाई सामने आएगी। उसके बाद संबंधितों पर कार्रवाई की जा सकेगी।
खत्म हो जाएगी चारा की समस्या
कुरखेड़ा की गोशाला में वैसे तो चारे की समस्या नहीं है, लेकिन हरा चारा की समस्या जरूर है। इस जमीन के कब्जा मुक्त होने से कम से कम यहां हरा चारा बोया जा सकेगा। इसके बाद गोशाला की गायों को कोई दिक्कत नहीं होगी।
गलौथी ग्राम पंचायत कुरखेड़ा गैर आबाद मझरा है। यहां तमाम सरकारी जमीन पड़ी है। उसकी जांच कराई जाएगी। नपत के बाद उसकी सच्चाई सामने आएगी। जिन लोगों ने उस पर अवैध कब्जा कर लिया है। उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
– धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज