बदायूं

Budaun News: उझानी में बिखेरा था रिंकू सिंह ने बल्लेबाजी का जलवा… ठोंका था अर्द्धशतक

Connect News 24

Rinku Singh had spread the batting style in Ujhani... had scored a half-century.

उझानी में जोंटी शर्मा के साथ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह।

उझानी (बदायूं)। भारत-आस्ट्रेलिया के बीच टी-20 शृंखला में शुरू के दोनों मैच में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके क्रिकेटर रिंकू सिंह ने उझानी क्रिकेट प्रीमियर लीग में भी अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया था। छह साल पहले उन्होंने राणा सोल्जर्स टीम की ओर से दो मैच खेले थे। पहले मैच में उन्होंने 38 रन बनाए, लेकिन दूसरे मैच में अर्द्धशतक लगाया।

अलीगढ़ के मूल निवासी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की उस वक्त कोई खास पहचान नहीं थी। सबसे पहले वह उझानी में आयोजित सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट में स्थानीय क्रिकेटर जोंटी शर्मा के बुलावे पर एक मैच खेले थे। उसी मैच में रिंकू के प्रदर्शन को देखते हुए अगले साल वर्ष-2018 में उझानी क्रिकेट प्रीमियर लीग के लिए राणा सोल्जर्स के फ्रेंचाइजी अमित प्रताप सिंह ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। रिंकू सिंह ने पांच हजार रुपये प्रति मैच फीस ली थी।

फ्रेंचाइजी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि रिंकू ने पहले मैच में 38 रन बनाए थे। अगले मैच में उनके अर्द्धशतक की बदौलत राणा सोल्जर्स सेमीफाइनल में पहुंच गई, लेकिन रिंकू घरेलू कारणों की वजह से सेमीफाइनल खेलने को नहीं आ पाए। टीम को रिंकू की कमी खली और राणा सोल्जर्स का सेमीफाइनल में बाहर होना पड़ा।

अमित के मुताबिक- जिस मैच में रिंकू ने अर्द्धशतक बनाया, उसमें दर्शकों ने चौकों-छक्कों का भरपूर लुत्फ उठाया था। बता दें कि रविवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ रिंकू ने महज नौ गेंद खेलकर 31 रन जुटाए तो राणा सोल्जर्स के फ्रेंचाइजी टीवी पर मैच देखते समय खुशी से झूम उठे थे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button