बदायूं

Budaun News: रोडवेज बस के परिचालक ने सहायक यातायात निरीक्षक को चप्पलों से पीटा

Connect News 24

बदायूं। रोडवेज बस स्टैंड पर रविवार सुबह एक बस परिचालक ने सहायक यातायात निरीक्षक को चप्पलों से पीट दिया। यह देखकर कर्मचारी दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह सहायक यातायात निरीक्षक को बचाया। यातायात निरीक्षक ने आरोपी परिचालक के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। वहीं, एआरएम ने परिचालक को रूट पर जाने से रोक किया है। मामले की जांच की जा रही है।

बरेली के मोहल्ला चाहबाई निवासी राजीव कुमार शर्मा बदायूं डिपो में सहायक यातायात निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वह रोजाना बरेली से बदायूं आते-जाते हैं। उनकी ड्यूटी बदायूं-चंदौसी रोड पर बसों की चेकिंग में लगाई है। वह रविवार सुबह 8:30 बजे बदायूं डिपो की रोडवेज बस में सवार होकर बदायूं आ रहे थे। यह बस आंवला, गैनी, अलीगंज होते हुए बदायूं आ रही थी। अलीगंज से तीन किलो मीटर आगे रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक पहुंचने पर उन्होंने बस के परिचालक से ईटीएम मांगी।

बस में सवारियां गिनी तो दो सवारियां ज्यादा पाई गईं। उनके पास टिकट नहीं था। इसी दौरान परिचालक ने उनके हाथ से ईटीएम छीन ली और उनके साथ अभद्रता की। इसके संबंध में उन्होंने तुरंत एआरएम धर्णेंद्र कुमार चौबे को सूचना दी। एआरएम ने बताया कि वह इसके बारे में कार्यालय आकर रिपोर्ट करें। फिर उन्होंने रास्ते में परिचालक से कुछ नहीं कहा। वह बस स्टैंड पर पहुंच गई। वह बस से उतरकर कार्यालय की ओर जा रहे थे कि तभी परिचालक ने पीछे से अपनी चप्पल निकालकर उन पर हमला बोल दिया।

परिचालक ने सहायक यातायात निरीक्षक को कई चप्पल मारीं। यह देखकर मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई कर्मचारी आ गए। उन्होंने किसी तरह यातायात निरीक्षक को बचाया। बाद में परिचालक मौके से चला गया। राजीव कुमार ने सिविल लाइंस थाने में परिचालक के खिलाफ तहरीर दी है। एआरएम ने परिचालक को रूट पर जाने से रोक दिया है। उसका बैग जमा करा लिया गया है।

घटना के दौरान मैं कार्यालय पर मौजूद नहीं था, लेकिन अधिकतर लोगों ने बताया कि परिचालक ने ही यातायात निरीक्षक के साथ मारपीट की थी। इससे उसका बैग जमा करा लिया गया है। इसकी विभागीय जांच कराई जा रही है। इसमें जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। – धर्णेंद्र कुमार चाैबे, एआरएम परिवहन निगम


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button