Budaun News: यदु शुगर मिल पर 57 करोड़ रुपये बकाया
बदायूं। यदु शुगर मिल पर गत वर्ष और मौजूदा सत्र का करीब 57 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। इसको लेकर शासन स्तर से पिछले दिनाें एक बार मिल को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। वहीं दूसरी ओर सहकारी चीनी मिल की तरफ से लगातार किसानों को भुगतान किया जा रहा है।
जिले में दो चीनी मिलें हैं। इनमें एक द सहकारी चीनी मिल शेखूपुर और दूसरी यदु शुगर मिल है। दोनों चीनी मिलों पर जिले के किसान अपना गन्ना डालते हैं। पिछले सत्र में सहकारी चीनी मिल व यदु शुगर मिल मार्च में बंद हुईं थी। ऐसे में चीनी मिलों को गन्ना किसानों को सारा भुगतान मिल बंद होने के 14 दिन के अंदर हरहाल में कर देना था, लेकिन यदु शुगर मिल ने शासन के निर्देशों को ताक पर रख दियाऔर आज भी किसानों का पिछले पेराई सत्र का 17 करोड़ रुपये बकाया आ रहा है।
इसके अलावा नए पेराई सत्र में भी करीब 40 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। ऐसे में कुल 57 करोड़ रुपये मिल पर बकाया है। जबकि दूसरी द किसान सहकारी चीनी मिल शेखूपुर ने गन्ना किसानों को पिछले पेराई सत्र का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया है। इसके साथ ही इस पेराई सत्र में भी छह दिसंबर तक का भुगतान कर दिया गया है। शेखूपुर चीनी मिल के जीएम किशन लाल ने कहा कि किसान अच्छा गन्ना ही चीनी मिल लेकर आएं।
–
शासन की तरफ से यदु शुगर मिल को नोटिस जारी हो चुका है। मिल प्रबंधन से बात चल रही है, जल्द ही पिछले पेराई सत्र का भुगतान करा दिया जाएगा। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-हेमराज सिंह, जिला गन्ना अधिकारी