Budaun News: पावरलिफ्टिंग में संतोष ने किया जिले का नाम रोशन

संतोष कुमारी।
बरेली में हुई प्रतियोगिता में 45 किलो में जीता गोल्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बरेली में यूपी बेंच प्रेस-डेड लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें संतोष कुमारी ने 45 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। साथ ही जिले का नाम रोशन किया।
शहर के निकट गांव बेहड़ी की रहने वाली संतोष कुमारी को बचपन से ही खेलों का शौक था, उनके पिता नत्थूलाल मजदूरी करते हैं। वह चाहते थे कि संतोष पढ़ाई को तरजीह दे, लेकिन खेलों के प्रति उसके शौक को देखते हुए उन्होंने भी संतोष को प्रोत्साहित करना शुरू कर दिया।
जिसके बाद संतोष कुमारी ने पावरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग में कॅरियर तलाशना शुरू कर दिया। संतोष ने बताया कि रविवार को बरेली में यूपी बेंच प्रेस-डेड लिफ्टिंग चैंपियनशिप हुई। इसमें उन्होंने 45 किलोग्राम में खेलते हुए 100 किलो की डेड और 45 किलो की बेंच लगाई और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
संतोष ने कहा कि वह खेल के साथ पढ़ाई को भी पूरा महत्व दे रही है। इस समय वह आसिम सिद्दीकी मेमोरियल डिग्री कॉलेज से बीएससी कर रही है। कोच राजीव ने बताया कि संतोष कुमारी अलीगढ़ में होने वाली प्रतियोगिता में गोल्ड लाती है तो उन्हें उप्र की टीम से खेलने का मौका मिल सकता है।



