Budaun News: पुलिस से बचने के चक्कर में स्कूल बस पलटने से बची

अलापुर क्षेत्र के म्याऊं इलाके में सड़क के किनारे गड्ढे में धंसी स्कूल बस। संवाद
म्याऊं। अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं इलाके में बुधवार सुबह एक और स्कूल बस पलटने से बच गई। निजी बस से स्कूली बच्चे लाए-ले जाए जा रहे थे। बस कुलचौरा के लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। बच्चों को लेकर चालक बस को म्याऊं पुलिस चौकी के सामने से लेकर गुजरने के बजाय कच्चे रास्ते पर ले गया, तभी उसका पिछला पहिया गड्ढे में फंस गया।
बुधवार सुबह चालक बस को पुलिस चौकी से बचाते हुए कच्चे रास्ते से ले जा रहा था। बस का पिछला पहिया गड्ढे में फंसने पर बस पटलने से बाल-बाल बच गई। उसावां में पिछले दिनों हादसे में चार बच्चों की मौत की घटना जेहन में होने पर तमाम ग्रामीण दौड़ पड़े। उन्होंने पहले सभी बच्चों को बस से नीचे उतरवाया। इसके बाद बस को गड्ढे से बाहर निकलवाया। अगर ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचे तो चालक बच्चों को बैठाकर ही बस को निकालने की कोशिश करता, तब हादसा हो सकता था। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। संवाद