Shahjahanpur News: त्योहार पर बिजली निगम के कर्मियों की छुट्टियां निरस्त
शाहजहांपुर। दिवाली के त्योहार पर निर्बाध बिजली की आपूर्ति के लिए विद्युत निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिजली गुल नहीं हो, उसके लिए निगम के कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गईं। इसके अतिरिक्त उपकेंद्रों पर टीमें गठित कर दी गईं हैं, साथ ही कंट्रोल रूम को भी सक्रिय कर दिया गया।
जिले में चार लाख 35 हजार उपभोक्ताओं को सप्लाई दी जाती है। इसमें 80 लाख उपभोक्ता नगरीय क्षेत्र में हैं। उपभोक्ताओं को त्योहारों पर निर्बाध आपूर्ति देने के लिए खाका तैयार कर लिया गया। एक्सईएन सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि दीपाें के पर्व पर बिजली सप्लाई को बहाल रखने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियाें को निरस्त कर दिया गया। इसके अतिरिक्त हर उपकेंद्र पर दो टीमें बनाई गई, जो दिन और रात में रोटेशन के अनुसार कार्य करेंगी। एक टीम में तीन लोगों को शामिल किया जाएगा।
ढाई लाख लोग नहीं जमा कर रहे बिल : जिले में चार लाख 35 हजार उपभोक्ताओं में करीब ढाई लाख उपभोक्ता बिल जमा नहीं करते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को फोन कर व टीमों को घर पर भेजकर बिल जमा कराने का प्रयास किया जा रहा। एक्सईएन सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि जिले में सरकारी विभागों में बकाया राजस्व को लखनऊ स्तर से ही जमा कर दिया जाता है।
मुख्य अभियंता ने ओटीएस का लाभ दिलाने पर जोर दिया : मुख्य अभियंता अनिल तिवारी ने बुधवार को बैठक कर ओटीएस का लाभ लोगों को दिलाकर राजस्व वसूली पर जोर दिया। बुधवार से ओटीएस योजना का आगाज हो गया। ऐसे में बकायेदारों को ब्याज पर छूट दी जा रही है। बैठक में एसई जेपी वर्मा व एसडीओ भी मौजूद रहे।