Budaun News: थप्पड़ जड़ने के आरोपी एसडीएम की मुख्यमंत्री से शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 25 Sep 2023 01:12 AM IST
बिल्सी। सीमेंट कारोबारी मोहित वार्ष्णेय को थप्पड़ जड़ने के आरोपी एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई न होने से व्यापारियों में आक्रोश है। अब अखिल भारतवर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार वार्ष्णेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है।
उन्होंने पत्र में कहा है कि भारतवर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा वार्ष्णेय समाज की राष्ट्रीय संस्था है, जो देशभर में वैश्य वार्ष्णेय समाज का प्रतिनिधित्व करती आ रही है। 20 सिंतबर की शाम को बदायूं के कस्बा बिल्सी के व्यापारी मोहित वार्ष्णेय के साथ बिल्सी के एसडीएम ने जो दुर्व्यवहार किया वो निंदनीय है। एसडीएम ने न सिर्फ व्यापारी को थप्पड़ लगाए, बल्कि घसीटकर जीप में डालकर तहसील ले जाया गया। इससे वार्ष्णेय समाज में रोष व्याप्त है।
प्रशासनिक अधिकारी का व्यापारी के साथ इस तरह का व्यवहार सर्वथा अनुचित है। हम इस कृत्य का घोर विरोध करते हुए न्यायहित में स्थानीय एसडीएम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करते हैं। इससे कि व्यापारियों में व्याप्त डर का माहौल समाप्त हो और सभी व्यापारीगण प्रदेश हित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।