Rampur News: पीलाखार नदी में उतराता मिला ट्रक चालक की पत्नी का शव, हत्या का आरोप
रामपुर। दो दिन से लापता केमरी थाना क्षेत्र के गांव हींगानगला निवासी ट्रक चालक शिशुपाल की पत्नी आरती देवी (26) का शव रविवार को सिमरा गांव की पीलाखार नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न कर पूरे दिन थाने में बैठाए रखने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोप को गलत बताते हुए तहरीर न देने की बात कही है। केमरी के गांव हींगानगला गांव निवासी शिशुपाल ट्रक चलाकर परिवार का पालन पोषण करता है। परिवार में पत्नी आरती के अलावा दो पुत्र हैं। दो दिन पहले शिशुपाल का आरती से विवाद हुआ था। जिसके बाद वह नाराज होकर घर से चली गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। रविवार की सुबह गांव सिमरा के पास पीलाखार नदी में पुल के नीचे एक महिला का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया तो शव की शिनाख्त आरती पत्नी शिशुपाल के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता पेमराज निवासी ग्राम चकफेरी थाना आदमपुर जनपद अमरोहा ने बताया कि दामाद शिशुपाल शराब पीकर उसकी बेटी के साथ आए दिन मारपीट करता था। दो दिन पहले भी शिशुपाल ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की थी। जिसके बाद उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया।
तुम्हारी बहन गायब है, उसे आकर ढूंढो…
मृतका आरती के भाई सोनू ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे जीजा शिशुपाल ने उसे फोन कर कहा था कि तुम्हारी बहन आरती रात से गायब है, उसे आकर ढूंढो। आरती के घर से गायब होने की सूचना मिलते ही वह मां चंद्रवती के और मामा लेखराज के साथ तुरंत हींगानगला पहुंचे तो जीजा शिशुपाल नहीं मिला। पूछने पर बताया कि वह ट्रक पर है। जिसके बाद वह शनिवार की रात से आरती को इधर उधर ढूंढ़ते रहे, मगर आरती का कहीं पता नहीं लग सका। रविवार सुबह 10 बजे उनको हीँगानगला के लोगों द्वारा पता लगा कि पीलाखार नदी में आरती का शव मिला है।
पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न कर थाने में बैठाने का लगाया आरोप
मृतसा के पिता ने बताया कि वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए केमरी थाने गए तो पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की बात कहकर उन्हें टरका दिया। सारा दिन वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में बैठे रहे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वहीं थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के मायके वालों का आरोप गलत है। उनसे मामले की जांच करने की बात कही है। साथ ही अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।