Budaun News: ब्लैक स्पाॅट पर हों सुरक्षा के इंतजाम

कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम मनोज कुमार। संवाद
डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में हुई, इसमें डीएम मनोज कुमार ने ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा।
डीएम ने कहा कि चयनित स्थानों पर सुरक्षात्मक उपाय अवश्य कराए जाएं, अगर वह ब्लैक स्पॉट के मानक में नहीं भी आते हैं तो वहां पर सुरक्षा के उपाय हों। बोले-बाईपास से मेडिकल कॉलेज को जाने वाली मोड़ पर सुरक्षात्मक उपाय कराने की आवश्यकता है।
डीएम ने कहा कि स्कूल खुलने पर स्कूल व कॉलेजों में सुरक्षात्मक परिवहन के लिए जागरूकता अभियान चलाएं और आम लोगों को जागरूक करें। उन्होंने डिवाइडर पर उपले (कंडे) हटवाने के लिए कहा। साथ ही स्पीड ब्रेकर पर फ्लोरोसेंट या रेडियम पेंट कराने के निर्देश दिए।
बोले-अवैध टैक्सी स्टैंड और बस स्टैंड संचालित न हों, ओवरलोड वाहनों और बिना पंजीकृत वाहनों पर कार्रवाई हो। एआरटीओ प्रवर्तन सुहेल अहमद ने कहा कि सन 2022 के सापेक्ष वर्तमान में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मनीष कुमार ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुल नौ ब्लैक स्पॉट हैं। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 10 और निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 11 ब्लैक स्पॉट पर सुधार कराने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार सिंह, डीएफओ अशोक कुमार सिंह मौजूद रहे।