बदायूं

Budaun News: सात पुलिसकर्मी नप गए, फिर भी चौकियां बंद

Connect News 24

बृहस्पतिवार रात पांच में तीन चौकियां मिलीं बंद, दूर-दूर तक नजर नहीं आया पुलिस कर्मी

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। जोगीपुरा में चार दिन पहले डॉक्टर दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट किए जाने की घटना के बाद सात पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए, इसके बावजूद पुलिस के रवैये में अंतर नहीं आया है। इन चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मी दिन में तो नजर आ जाते हैं, मगर अंधेरा बढ़ने के साथ ही न जाने कहां गुम होते चले जाते हैं। पिछले काफी समय से कानून-व्यवस्था पुख्ता होने का दावा करते और उससे खुश भी नजर आने वाले अफसरों के सामने ये पुलिसकर्मी कब आफत खड़ी करवा दें, कुछ नहीं कहा जा सकता। वहीं इन चौकियों के वीरान होने से लोग सुरक्षा को लेकर भरोसा नहीं जता रहे हैं। डॉक्टर दंपती के साथ हुई घटना भी इसी लापरवाही का नतीजा ही था। बृहस्पतिवार रात को शहर की चौकियों का हाल देखा गया तो उनकी काफी खराब स्थिति मिली। शहर कोतवाली क्षेत्र की पांच में से ही तीन चौकियां बंद मिलीं।

छह सड़का पुलिस चौकी, रात 10:15 बजे

कोतवाली क्षेत्र की सबसे व्यस्ततम छह सड़का पुलिस चौकी पर बृहस्पतिवार रात दो पुलिसकर्मी तैनात मिले। रात करीब 10:15 बजे दोनों पुलिसकर्मी एक बाइक सवार से बात कर रहे थे। उस दौरान चौकी के प्वाइंट के आसपास वाहन चल रहे थे। काफी भीड़भाड़ भी थी।

सरकारी गंज पुलिस चौकी, रात 10:30 बजे

शहर कोतवाली की सरकारी गंज पुलिस चौकी बृहस्पतिवार रात बंद मिली। रात करीब 10:30 बजे चौकी के सामने स्थित जेसी टॉकीज में 9 से 12 का शो चल रहा था। टॉकीज का गेट कीपर बाहर कुर्सी डाले बैठा था। अमर उजाला की टीम में दूसरी मंजिल पर स्थित पुलिस चौकी का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। चौकी इंचार्ज का कक्ष भी बाहर से बंद था। उसके बराबर में सिपाहियों के कक्ष खुला हुआ था लेकिन वहां कोई नहीं था।

लालपुल पुलिस चौकी, रात 10:40 बजे

बृहस्पतिवार रात करीब 10:40 बजे लालपुल पुलिस चौकी सुनसान पड़ी थी। चौकी के अंदर लाइट जल रही थी। आसपास में कुछ दुकानें भी खुली थीं लेकिन चौकी पर न तो कोई पुलिस कर्मी था और न ही किसी पुलिसकर्मी की बाइक खड़ी थी। यह तब था जब यह शहर की व्यस्ततम चौकी मानी जाती है। शहर से दिल्ली, मथुरा, आगरा जाने वाले वाहन इसी चौकी से होकर निकलते हैं।

सोथा पुलिस चौकी, रात 10:50 बजे

शहर के सोथा मोहल्ले में स्थित पुलिस चौकी जिले की सबसे ऊंची चौकी है। यह एक टीले पर बनी है। इससे सटे हुए कबूलपुरा और सोथा मोहल्ले हैं। बृहस्पतिवार रात 10:50 बजे अमर उजाला की टीम पुलिस चौकी पर पहुंची तो वहां दो पुलिसकर्मी तैनात मिले। पूछने पर पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे चीता मोबाइल पर तैनात है। वह घूमते हुए चौकी पर आए हैं। चौकी इंचार्ज क्षेत्र में भ्रमण पर गए हुए हैं।

मीराजी पुलिस चौकी, रात 11:10 बजे

कोतवाली क्षेत्र की मीरा जी पुलिस चौकी अक्सर रात को सुनसान हो जाती है। रात करीब 11:10 बजे अमर उजाला की टीम यहां पहुंची। जैसे ही फोटोग्राफर ने पुलिस चौकी का फोटो किया, फ्लैश की चमक देखकर दो लोग दौड़ते हुए नजदीक आए। जब उनसे पुलिसकर्मियों के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि यह रोज का हाल है। रात 9:00 बजे के बाद यहां पुलिसकर्मी तो क्या कोई होमगार्ड भी नहीं मिलता। रात भर पुलिस चौकी आसपास के लोगों के हवाले रहती है। सुरक्षा खुद मोहल्ले वाले करते हैं।

शहर की पुलिस चौकियों पर पुलिस तैनात रहती है या नहीं। इसकी सीओ सिटी से जांच कराई जाएगी। उनसे कहा जाएगा कि वह प्रत्येक पुलिस चौकी की जांच कर उसकी रिपोर्ट पेश करें, जिससे संबंधित चौकी इंचार्ज या पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

– अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button