Budaun News: बाइक फिसलने से शाहजहांपुर के युवक की मौत

मृतक अशोक उर्फ बाबा का फाइल फोटो।
अलापुर। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बाइक फिसलने से बाइक सवार शाहजहांपुर के युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजन देर रात यहां पहुंच गए।
शाहजहांपुर जिले के थाना परौर के गांव जूही निवासी 19 वर्षीय अशोक उर्फ बाबा पुत्र राम किशन सोमवार को रिश्ते के भतीजे अक्षय की पत्नी को बदायूं छोड़ने आए थे। दोपहर बाद वह बाइक से घर वापस जा रहे थे।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव संजरपुर के पास मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर उनकी बाइक के बैग में रखी रस्सी पहिये में फंस गई। इससे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होते हुए फिसल गई। अशोक ने हेलमेट नहीं लगाया था, इससे वह रोड पर गिरे तो सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त करने के बाद परिजनों को सूचना दी। एसएचओ हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि बाइक के पहिये में रस्सी फंसने से हादसा हुआ है। युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।