Budaun News: नवंबर अंत में शुरू होगी शेखूपुर चीनी मिल
बदायूं। शेखूपुर की दि किसान सहकारी चीनी मिल नवंबर अंत तक शुरू होगी। अभी वहां मशीनों की रपेयरिंग चल रही है। यदु शुगर मिल मंगलवार से शुरू हो जाएगी। पिछले साल कई कमियों के चलते मिल को बार-बार बंद करना पड़ा था। ऐसे में किसान परेशान हुए थे। इस बार पूरी तैयारी के साथ मिल को शुरू किया जाएगा।
जिले में दो चीनी मिल हैं। इनमें एक दि सहकारी चीनी मिल शेखूपुर और दूसरी यदु शुगर मिल। इस सत्र में यदु शुगर मिल मंगलवार से शुरू होने की बात कही जा रही है। जबकि शेखूपुर में स्थित दि किसान सहकारी चीनी में अभी मेंटेेनेंस का काम चल रहा है जिसकी वजह से चीनी मिल को शुरू होने में नवंबर के अंतिम सप्ताह तक का समय लग सकता है।
क्षमता से कम पर चलानी पड़ी थी चीनी मिल : गत वर्ष चीनी मिल कई बार कमियां के चलते कई-कई घंटों बंद रही जिसकी वजह से किसानों को काफी परेशानी हुई थी। मजबूरी में चीनी मिल प्रशासन को मिल को निर्धारित क्षमता 1250 टन पेराई क्षमता प्रतिदिन (टीसीडी) से कम पर चलानी पड़ी थी।
इस बार भी नहीं बनाएंगे शीरा : शेखूपुर चीनी मिल ने अतिरिक्त कमाई का जरिया बनाने के लिए बी हैवी शीरा उत्पादन किया था। इसे लेकर कायमगंज (फर्रुखाबाद) आसवनी इकाई से वार्ता हुई थी जिसे बी हैवी शीरा को खरीदना था। पिछले वर्ष चीनी मिल प्रशासन को लगभग एक लाख क्विंटल बी हैवी शीरा उत्पादन करने का लक्ष्य दिया गया था। शेखूपुर चीनी मिल के द्वारा बी हैवी शीरा बनाया गया, लेकिन उसकी क्वालिटी अच्छी नहीं निकली। जिसके चलते इस साल चीनी मिल बी हैवी शीरा नहीं बनाएंगी।