Rampur News: राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा में शामिल हुए 2589 विद्यार्थी
रामपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा जिले में रविवार को 10 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा में 2589 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए जिले से इस बार 3358 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। कक्षा आठ में अध्ययनरत बच्चों से आवेदन मांगे गए थे। जिले में इस परीक्षा के लिए 133 सीटें निर्धारित हैं, यानी परीक्षा में शामिल हुए बच्चों में से 133 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। ऐसे में परीक्षा पास करने को लेकर कड़ी स्पर्धा देखने को मिली। रविवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शहर के 10 कॉलेजों में यह परीक्षा कराई गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में 2589 विद्यार्थी उपस्थित रहे हैं। 769 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा नौ से 12वीं तक लगातार चार वर्षों तक एक हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से कुल 48 हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में दिए जाएंगे।

